सोनभद्र। बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से जिले के 654 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अध्यनरत 37995 छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए जूडो कराटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा। विभाग ने प्रशिक्षण के लिए प्रशिक्षकों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ताकि जल्द से जल्द छात्राओं को प्रशिक्षण मिल सके। बतादें कि सूबे में महिलाओं के प्रति बढ़ रहे अपराध को देखते हुए शिक्षा विभाग ने छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए जूडो कराटे का प्रशिक्षण देने के लिए निर्णय लिया है। ताकि जरूरत पड़ने पर छात्राएं अपनी सुरक्षा स्वंय कर सकें।
प्रथम चरण में कक्षा एक से कक्षा आठ तक के छात्राओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। वर्ष 2018-19 में राबर्ट्सगंज, चतरा, नगवां, घोरावल, चोपन दुद्धी, म्योरपुर और बभनी ब्लॉक क्षेत्र के 654 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 75332 विद्यार्थी है। इनमें 37337 बालक और 37995 छात्राएं हैं। इन सभी छात्राओं को कराटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसकी पुष्टि करते हुए जिला बेसिक शिक्षाधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने कहा कि छात्राओं को जूडो कराटे सिखाने के लिए प्रशिक्षकों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कहा कि सर्वप्रथम नक्सल इलाकों के विद्यालयों की छात्राओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए योजना तैयार कराई जा रही है। कहा कि छात्राओं को मुफ्त में कराटे की प्रशिक्षण दी जाएगी। प्रशिक्षकों का खर्च विभाग वहन करेगा।