सोनभद्र। होप संस्था की तरफ से आदर्श इंटर कालेज राबटर्सगंज में शनिवार को स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें असंतुलित जीवन शैली, हेपेटाइटिस, साफ-सफाई, मच्छरजनित बीमारियां, परीक्षा तनाव, विद्यालय में दबंगई, नशीले पदार्थों का सेवन, ग्लोबल वार्मिंग आदि विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
संस्था के अभयशंकर तिवारी ने शिक्षकों को इन विषयों से जुड़ी जानकारियां देने के साथ ही तनाव प्रबंधन और शरीर को फिट रहने के गुर सिखाए। बताया गया कि माध्यमिक शिक्षा विभाग और होम इनीशिएटिव के परस्पर सहयोग से स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम तैयार किया गया है जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को उन्नत बनाने, अभिभावकों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और सामुदायिकता की भावना विकसित करना है। कहा कि इसमें प्रशिक्षण पाने वाले शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों के विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेंगे। इस मौके पर प्रधानाचार्य डा. सुरेश प्रसाद यादव, ओमप्रकाश सिंह, संतोष कुमार, राजेश उपाध्याय, महेशचंद्र, मंजू सिंह, शिवमनी, पूनम सिंह, अमरेंद्र सिंह, महेंद्र यादव, इंद्रेश गुप्ता, वीरेंद्र कुमार, पंकज पांडेय, अमित यादव आदि मौजूद रहे।