अनपरा। उत्तर प्रदेश उत्पादन निगम की अनपरा तापीय परियोजना नित्य उत्पादन को लेकर जहां नये-नये कीर्तिमान स्थापित कर रही है वहीं दूसरी ओर उत्पादन में अपना अहम योगदान दे रहे संविदा कर्मी व श्रमिक दीपावली के पर्व पर भी भुगतान से वंचित है। जिससे सविदाकारों में आक्रोश व्याप्त है।
थर्मल कांट्रैक्टर एसोसिएशन के सचिव चन्द्र शेखर सिंह ने उत्पादन निगम के प्रबंध निदेशक को भेजे पत्र में उक्त आरोप लगाते हुए कहा कि बकाये भुगतान को लेकर लगभग 100 दिनों से धरने पर बैठे संविदा श्रमिक अनपरा तापीय परियोजना प्रबंधन को लगातार घरने में लगे हैं। वहीं दूसरी ओर संविदाकार मजदूरों का बकाया भुगतान व अपने पेमेंट के लिए बार-बार प्रबंधन से गुहार लगाने के बाद भी बकाये भुगतान से वंचित है। जिसके एवज में प्रबंधन द्वारा बार-बार आश्वासन की घुट्टी पीला, मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आश्वासन के बाद भी दीपावली त्योहार का इंतजार कर रहे संविदाकारों को बकाया भुगतान अधर में लटकता दिखायी दे रहा है। इससे संविदा कर्मियों में गहरा रोष व्याप्त है। भुगतान को लेकर उनके द्वारा प्रबंध निदेशक से मुलाकात के पश्चात यह आश्वासन दिया गया था कि एक सप्ताह के अंदर मार्च 2018 तक का संविदा कर्मियों का बकाया भुगतान कर दिया जाएगा। पर्व के कारण कार्यरत श्रमिक बकाए भुगतान का दबाब बना रहे वहीं भुगतान न होने से संविदा कर्मियों का त्योहार खराब होने की कगार पर है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो सभी वे लोग हड़ताल पर जाने को विवश होंगे।