म्योरपुर। ब्लॉक के किरबिल गांव में हरिश्चंद्र चौधरी महाविद्यालय के सभागार में नेहरू युवा केंद्र एवं नेहरु युवा मंडल के तत्वाधान में पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को हुआ। इसमें बढ़ रही कुरीतियों पर चर्चा की गई। स्वास्थ्य, शिक्षा और योग पर जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि प्राचार्य गणेश राम ने कहा कि समाज के विकास के लिए स्वास्थ्य व शिक्षा के प्रति जागरूकता जरूरी है। इसकी कमी से समाज में कुरीतियां बढ़ गयी हैं। इसके प्रति युवाओं को समाज को जागरूक करना होगा। विशिष्ट अतिथि नेहरु युवा केंद्र के लेखाकार संजीव कुमार श्रीवास्तव ने युवाओं को सरकार से चलाई जा रही योजनाओं के बारे में बताया। जन धन योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत मिशन, अटल पेंशन योजना की जानकारी दी। योग शिक्षक कृष्णानंद और उनके सहयोगी मोनू ने युवाओ को कपालभाति, सूर्य नमस्कार, अनुलोम विलोम, भस्तीका भ्रामरी, उद्गीत, प्रणव ध्यान, शीर्षासन युवाओं को कराया और उससे होने वाले लाभ के बारे में जानकारी दी। यहां मदनलाल शर्मा, सुभाष गुप्ता, अमरीश प्रजापति, प्रिया जायसवाल, रेखा जायसवाल, ललिता जायसवाल, रविकांत गुप्ता, तारा सिंह, रीता कुमारी, जलोद कुमार, दीपक यादव मौजूद रहे। संचालन पूर्व राष्ट्रीय सेवा कर्मी अध्यापक भागवत गुप्ता ने किया।