ओबरा। लगातार तापमान में आ रही गिरावट से गुरुवार को मौसम सुकून भरा रहा। गुरुवार की सुबह से ही चारों तरफ काली घटाएं घिरी हुई थीं, फिर रिमझिम फुहारें बरसने लगीं। इससे मौसम सुहाना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से रात मिल गई।
उधर तेज हवा के साथ बारिश से नगर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था ध्वस्त हो गई। जगह-जगह तकनीकी गड़बड़ी के चलते नगर के ज्यादातर हिस्सों में ठप हुई बिजली आपूर्ति शाम तक बहाल नहीं हो सकी थी। इससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। नगर के वीआईपी रोड आदि क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। हल्की सी हवा चलते ही तत्काल बिजली काट दी जाती है जो कई घंटों तक बहाल नहीं की जाती। इससे बिजली उपभोक्ताओं में असंतोष है। लोगों का कहना है कि हल्की बारिश भी होती है तो क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप कर दी जाती है और फिर घंटों लोगों को बिजली का इंतजार करना पड़ता है। तेज हवा चलने पर जर्जर तारों से भी दिक्कत होती है। उधर विभाग के एसडीओ इं. अदालत वर्मा ने बताया कि जहां कहीं तकनीकी खराबी है, उसकी मरम्मत कराई जा रही है। जल्द ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।