परिषदीय विद्यालय की तीसरी और पांचवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा में हमारा परिवेश (सामाजिक विषय) के प्रश्न पत्र को देखकर परीक्षार्थी चकरा गए। हल्की चूक से असमंजस में पड़े परीक्षार्थी परेशान हो गए। कुछ शिक्षकों ने इसकी सूचना शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दी, तो वे छपाई की गड़बड़ी बताते रहे।
परिषदीय विद्यालयों में मौजूदा समय में वार्षिक परीक्षा चल रही है। कक्षा तीन एवं पांच की बुधवार को हमारा परिवेश (सामाजिक विषय) की परीक्षा थी। कक्षा तीन के प्रश्न संख्या एक ग में प्राकृतिक निर्मित है...सवाल पूछा गया है। जिसके चार उत्तर भी दिए गए हैं। उत्तर में पहाड़ा, मेज, ईट व मकान दर्ज है। इसमें कौन उत्तर सही है, इसे देख कर परीक्षार्थी असमंजस की स्थिति में पहुंच गए। शिक्षकों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सूचना दी तो वे परेशान हो गए। हालांकि बाद में बताया गया कि पहाड़ा गलत प्रिंट हो गया है, उसके स्थान पर पहाड़ पढ़ा जाए।
इसी तरह इसी कक्षा के प्रश्न पत्र दो ख में खाली जगह भरना था। सवाल था हमारे मंडल का........नाम है। उत्तर में दो इलाहाबाद व वाराणसी दिया गया था। इसे भी देख तमाम परीक्षार्थी चकरा गए। कुछ छात्रों ने तो शिक्षकों को बताया कि हमारा मंडल विंध्याचल मिर्जापुर हैं लेकिन वह प्रश्न पत्र में दर्ज ही नहीं है। इसी तरह कक्षा पांच के प्रश्न पत्र में भी मामूली गलती से परीक्षार्थी परेशान रहे। कक्षा पांच के हमारा परिवेश (सामाजिक विषय) प्रश्न पत्र में प्रश्न संख्या एक ख में सवाल है कि हैदराबाद की राजधानी है...। उत्तर में चार विकल्प उत्तर प्रदेश, उड़ीसा, आंध्रप्रदेश व नई दिल्ली दिया गया है। यह गलत प्रश्न होने के कारण परीक्षार्थी घंटों परेशान रहे। बीएसए गोरखनाथ पटेल ने कहा कि प्रश्न पत्र छपाई के दौरान गलती हुई है। इस संबंध में शिक्षकों को जानकारी दे दी गई है।