अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से आयोजित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा रविवार को राबर्ट्सगंज के संत कीनाराम महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में संपन्न हुई। कुल 467 परीक्षार्थियों में से 339 ने परीक्षा दी जबकि 128 अनुपस्थित रहे।
जिलाधिकारी जीएस प्रियदर्शी, जिला विद्यालय निरीक्षक शिवलाल ने परीक्षा केंद्र का जायजा लिया। डेढ़ घंटे बाद परीक्षा देकर कक्ष के बाहर निकले बच्चों में परीक्षा को लेकर उत्साह दिखा। इसके अलावा वाराणसी में 2892, आजमगढ़ में 874 और गाजीपुर में 818 बच्चों ने परीक्षा दी।
कीनाराम महिला पीजी कालेज में पारदर्शी ढंग से छात्रवृत्ति परीक्षा संपन्न कराने के लिए पूर्व में ही तैयारियां कर ली गई थीं। आठ कमरों में परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था थी।
रविवार को सुबह आठ बजे से ही परीक्षार्थियों के केंद्र पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ। दस बजे से डेढ़ घंटे ही परीक्षा होनी थी। परीक्षार्थियों को पौने दस बजे उनके कक्ष में भेजा गया। इसके पूर्व विद्यालय के शिक्षक और शिक्षिकाओं ने परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली, इसके बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र के अंदर जाने की अनुमति दी।
दस बजे से परीक्षा शुरू हुई। महाविद्यालय के निदेशक डा. गोपाल सिंह निगरानी कर रहे थे। डीएम जीएस प्रियदर्शी और डीआईओएस शिवलाल ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। परीक्षा में हाईस्कूल वर्ग में कुल 187 बच्चे पंजीकृत थे, जिसमें से 129 परीक्षार्थी उपस्थित और 57 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
इसी तरह इंटरमीडिएट में 280 परीक्षार्थी नामांकित थे जिसमें से 210 परीक्षार्थी उपस्थित और 71 अनुपस्थित रहे। परीक्षा देकर निकले बच्चों में इसको लेकर गजब का उत्साह दिखा।