सोनभद्र। जागरूकता कार्यक्रमों और कैंप लगाने के बाद भी 32.27 फीसदी लोगों के अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बन पाए। 32813 परिवार ऐसे हैं, जिनके नाम लाभार्थी की सूची में होने के बाद भी एक भी सदस्य कार्ड बनवाने नहीं पहुंचा है। इसके लिए अब मंगलवार से विशेष अभियान चलाया जाएगा। बुधवार को डीएम की मौजूदगी में बैठक होगी, जिसमें सभी विभागों के समस्या से लाभार्थियों के कार्ड बनाने की रणनीति तय की जाएगी।
सीएमओ डाॅ. पीके राय ने पत्र जारी कर कहा है कि आयुष्मान योजना के सभी लाभार्थियों को कार्ड बनाए जाएंगे। 70 वर्ष के अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को भी इसका लाभ मिलेगा। बताया गया कि ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव और पंचायत सहायकों के साथ बैठक कर सभी लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए ब्लॉकवार लाभार्थियों की सूची उपलब्ध करा दी गई है।
-
लाभार्थी यहां पहुंचे, बन जाएगा आयुष्मान कार्ड
गांव के पंचायत भवन पर पंचायत सहायक, हेल्थ वेलनेस सेंटर पर सीएचओ, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आरोग्य मित्रों को आयुष्मान कार्ड बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। फ्रंटलाइन वर्कर आशा, एएनएएम, समाजसेवी, ऐसे युवा जो मोबाइल के जरिए लाभार्थियों का संबंधित वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं उन्हें भी अभियान में शामिल किया जाएगा। इस योजना में सभी अंत्योदय लाल राशन कार्डधारक पात्र हैं। छह या इससे अधिक वाले परिवार, पीएम-सीएम का पत्र पाने वाले लाभार्थी, परिवार का ऐसा कोई सदस्य जिसकी उम्र 60 साल हो चुकी हो, 70 साल की उम्र पूरी कर चुके सभी नागरिक, श्रम विभाग में पंजीयन, एनएमएम, आंगनबाड़ी, आशा सहित अन्य फ्रंट वर्कर भी इसके लिए पात्र माने जाएंगे।
साढ़े छह लाख लाभार्थियों के कार्ड बने
आयुष्मान कार्ड को लेकर चलाए जा रहे अभियान के जरिए अब तक 6,50,671 लोग लाभान्वित हो चुके हैं। इस योजना के तहत कुल 2,18,840 परिवार चयनित किए गए हैं। इन परिवारों के 9,60,682 लोगों के कार्ड बनाने का लक्ष्य है। अब तक 67.73 प्रतिशत लोगों के कार्ड बन पाए हैं। 32813 परिवार ऐसे हैं, जिनके एक भी सदस्य ने आयुष्मान कार्ड नहीं बने।
वर्जन...
प्रत्येक लाभार्थी का आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए मंगलवार से विशेष अभियान चलाया जाएगा। मुहिम को प्रभावी गति देने की रणनीति बनाई जाएगी। - डॉ. पीके राय, सीएमओ।