चोपन। नगर स्थित रेलवे फुटबॉल मैदान में बृहस्पतिवार को भव्य सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। समाज कल्याण विभाग की तरफ से आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में 324 जोड़ों का विवाह उनके धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। इसमें 322 हिंदू जोड़ों का हिंदू रीति रिवाज वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शादी हुई। वहीं दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि चोपन में आयोजित सामूहिक विवाह में चोपन ब्लॉक से 77, कोन ब्लॉक से 65, दुद्धी से 68, म्योरपुर से 59 तथा बभनी से 55 पात्र जोड़े शामिल हुए। मुख्य अतिथि रहे समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव गोंड, अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार और जिपं सदस्य मोहन कुशवाहा और जिलाधिकारी बीएन सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर सामूहिक विवाह का शुभारंभ किए। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विकास अधिकारी हेमंत सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। 60 हजार रुपये डीबीटी के माध्यम से कन्या के खाते में भेजे जाएंगे, जबकि 25 हजार रुपये की वैवाहिक सामग्री जैसे पायल, बिछिया, वस्त्र, बिस्तर, डिनर सेट आदि वैवाहिक जोड़ों को प्रदान किए गए। शेष 15 हजार रुपये आयोजन व्यवस्था पर व्यय हुआ। बिरला कार्बन रेणुकूट की तरफ से नवविवाहित जोड़ों को उपहार सामग्री वितरित की गई। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली, मंडल अध्यक्ष संजय केशरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुनील सिंह, प्रदीप अग्रवाल, राजन जायसवाल, विकास चौबे, राहुल सिंह, मीनू चौबे, सोनी रावत, शबनम मिश्रा, धर्मशिला देवी आदि रहे। संचालन विकास चौबे ने किया।