सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के छपका पावर हाउस के पास प्रधानाचार्य डॉ. सुरेश यादव को गोली मारकर हत्या करने वालों को पकड़ने के लिए पुलिस की दो टीमें गैर जनपद रवाना हो गईं। सोमवार को एएसपी मुख्यालय ओपी सिंह, नक्सल एसपी अरुण कुमार दीक्षित और क्षेत्राधिकारी अभिषेक सिंह ने राबर्ट्सगंज नगर एवं आसपास के कई गांवों में अलग-अलग भ्रमण कर घटना के संबंध में लोगों से पूछताछ की। संदिग्धों के कॉल डिटेट से कुछ क्लू मिलने की उम्मीद है। लेकिन अब तक पुलिस को ऐसे सबूत नहीं मिले हैं, जिससे हत्यारोपियों तक पहुंच सके।
सोमवार को पूरे दिन राबर्ट्सगंज कोतवाली में हिरासत में लिए गए लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ होती रही। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास रह रहे लोगों से भी बदमाशों के बारे मेें जानकारी हासिल करने का प्रयास जारी रहा। अब तक जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस हत्यारोपियों के गिरेबान तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हुई है। रविवार की रात पुलिस की दो टीमें वाराणसी, गाजीपुर, मऊ समेत अन्य जनपदों के लिए रवाना कर दी गई। जिले के अलावा गैर जनपदों में पुलिस हत्या करने एवं कराने वालों को पकड़ने के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। एसपी ने प्रधानाचार्य के हत्या का खुलासा करने के लिए सीओ अभिषेक सिंह की अगुवाई में आठ टीमें बनाई हैं। सभी टीमें अलग-अलग भ्रमण कर सबूत एकत्र कर रही है। एएसपी ओपी सिंह और एएसपी अरुण कुमार दीक्षित चार-चार टीमों के कार्यों की मानिटरिंग करने की जिम्मेदारी मिली है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सलमान ताज पाटिल ने कहा कि बदमाशों को पकड़ने के लिए गठित टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। जल्द से जल्द हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।