सोनभद्र। नगर निकाय चुनाव में इस बार चेयरमैन पद के 28 प्रत्याशी सौ वोट के अंदर ही सिमट गए। सपा दो और कांग्रेस तीन सीटों पर सौ वोट के अंदर ही रही। बसपा का भी एक सीट पर यही हाल रहा। इन 28 प्रत्याशियों को कुल मिलाकर 1366 वोट हासिल हुए।
इस बार नगर पालिका और नगर निकाय चुनाव में कई प्रत्याशियों ने जी-तोड़ मेहनत की लेकिन जनता ने उन्हें नकार दिया। उन्हें सौ वोट के अंदर ही जनता ने सिमटा दिया। इसमें राबर्ट्सगंज नगर पालिका से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी राजकुमार को 93, निर्दल सुमन केशरी को 91, रमेश कुमार को 69, गिरीश कुमार को 66, केडी सिंह को 56, और चंद्र कुमार निर्दल को 28 मत मिले। नगर पंचायत दुद्धी में निर्दल कन्हैया लाल को 59, कांग्रेस के धर्मेंद्र कुमार 26, भगवान निर्दलीय 23, नगर पंचायत ओबरा में कविता देवी निर्दलीय 84, मीना देवी निर्दलीय 49, राम मिलन निर्दलीय 49 वोट हासिल हुए। इसी तरह नगर पंचायत पिपरी में समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी विमलेश को 89 और निर्दल राम प्रवेश राय को 37 मत पर संतोष करना पड़ा। नगर पंचायत रेणुकूट में राज किशोर यादव निर्दल 56, फूलमती निर्दल 50, राजपति साहनी कांग्रेस 38, देवेंद्र कुमार आम आदमी पार्टी 34, नंदू प्रसाद गुप्ता निर्दलीय को 20 मत, नगर पंचायत घोरावल में लवकुश निर्दल 51, मो. शरीफ निर्दल 29, सीमा गुप्ता आम आदमी पार्टी 28, शैलेंद्र निर्दल 10, जगनरायण निर्दल को पांच वोट मिले। चोपन नगर पंचायत में भी समाजवादी पार्टी को मुंह की खानी पड़ी। यहां सपा के प्रत्याशी नजमुद्दीन को 90, बसपा के कमला को 76, और कांग्रेस के स्वतंत्र साहनी को 41 वोट ही मिले। नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा में महज एक निर्दल प्रत्याशी कुंती देवी को 19 मत पर संतोष करना पड़ा।