सोनभद्र (बभनी)। यूपी-छत्तीसगढ़ मार्ग पर शनिवार की रात्रि में दो ट्रकों के गड्ढायुक्त सड़क में फंस जाने की वजह से जाम लग गया। करीब पांच घंटे बाद लोगों के सहयोग से जाम हटा और यातायात बहाल हुआ। इसके बाद जाम में फंसे लोगों के साथ ही आम लोगों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने बभनी-आसनडीह मार्ग की शीघ्र मरम्मत न कराए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बभनी-आसनडीह मार्ग पर शनिवार की रात्रि करीब नौ बजे बभनी कस्बे में अचानक दो ट्रक फंस गई, इसकी वजह से यूपी-छत्तीसगढ़ मार्ग पर जाम लग गया। मार्ग के दोनों तरफ जाम लग जाने से यात्रियों के साथ ही आम लोगों को भी आने-जाने में परेशानी होने लगी। हालांकि आसपास के लोगों की मदद से दोनों ट्रकों को रात्रि करीब दो बजे बाहर निकाला गया तब जाकर जाम हटा। इसके बाद आवागमन चालू हो गया तब जाकर सभी लोगों ने राहत की सांस ली। बता दें कि यूपी-छत्तीसगढ़ मार्ग पर बभनी से आसनडीह तक 16 किमी सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। सड़क पर चार फीट तक के गड्ढे हो चुके हैं। जिसकी वजह से सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। जब तक सड़क पर बने गड्ढे भर नहीं दिए जाते तब तक आवागमन सुचारु रुप से मुश्किल है। ग्रामीणों श्यामजी, रामजी गुप्ता, शमशाद, अयोध्या प्रसाद, अमरेश चंद्र, सुरेंद्र कुमार आदि का कहना है कि माह के पहले सप्ताह में जब ट्रक पलटा था तब पांच दिनों तक जाम लगा था। इसके बाद गड्ढे युक्त सड़क को पाटने के लिए सिर्फ एक दिन कार्य किया गया, उसके बाद कार्य बंद कर दिया गया। इसी का नतीजा है कि पुन: ट्रक फंस गए।