नोबेल शांति पुरस्कार प्राप्त कैलाश सत्यार्थी की संस्था बचपन बचाओ आंदोलन की ओर से सोमवार को नगवां ब्लाक परिसर में सायकल वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर जूनियर हाईस्कूल की 25 दलित मेधावी छात्राओं को सायकल दी गई। सायकल मिलते ही छात्राओं के चेहरे खिल उठे। मुख्य अतिथि नगवां बीडीओ हरिश्चंद्र प्रजापति ने सभी 25 दलित छात्राओं को सायकल वितरण किया।
बीडीओ ने कहा कि नक्सल प्रभावित नगवां ब्लाक क्षेत्र में आदिवासी छात्राओं के लिए बचपन बचाओ आंदोलन की ओर से की गई यह पहल निश्चित रूप से उनके लिए वरदान साबित होगी। सायकल मिलने से अब छात्राओं को पैदल नहीं जाना पड़ेगा और समय से स्कूल पहुंच सकेंगी।
उन्होंने यह भी बताया कि अरहिया, वाही, पनौरा, पत्थरकुआं, सेमरिया, वाराडाड़, पड़री, नौडिहा, तेंदुहरही, सूअरसोत खुर्द, सरईगाढ़, पकरहट, सोनबरसा, आमडीह,नंदना, कम्हरियां, रईया, मड़पा, ढोसरा, केवटम, गोंगा, देवरीमय देवरा, दरेव और बैजनाथ गांवों की छात्राएं हैं। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र प्रताप सहाय, एडीओ पंचायत सुरेश तिवारी, जगरनाथ राव, उमाकांत पांडेय मौजूद रहे।