248 people were sent home by buses giving ration kits
सोनभद्र। जिले के क्वारंटीन सेंटरों में ठहराए गए लोगों में से खांसी, जुकाम, बुखार आदि की शिकायत पर जिन लोगों के सैंपल जांच के लिए बीएचयू भेजे गए थे, उनमें से 13 और लोगों की रिपोर्ट आ गई है। सभी निगेटिव हैं। दो दवा व्यावसायियों समेत कुल 370 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, जिनमें से 346 की रिपोर्ट निगेटिव आ गई हैं। शेष लोगों के रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को हैदराबाद व महाराष्ट्र से आए चार और लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। उधर, अलग-अलग सेंटरों में क्वारंटीन किए गए 248 लोगों को जांच के बाद राशन किट देकर रोडवेज की बसों मध्य प्रदेश उनके घर भेजा गया। डीएम और एसपी ने क्वारंटीन सेंटरों पर भ्रमण कर जा रहे लोगों को घरों में रहने का टिप्स दिया।
जिले से सटे प्रांतों एवं जिलों मेें कोरोना वायरस के रोगियों के मिलने के बाद प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारियों ने लॉक डाउन में सख्ती और बढ़ा दी है। वहीं क्वारंटीन की अवधि पूरी करने वाले लोगों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन जुट गया है। बृहस्पतिवार को डीएम एस. राजलिंगम, एसपी आशीष श्रीवास्तव संत जेवियर्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राबर्ट्सगंज समेत अन्य क्वारंटीन सेंटरों का निरीक्षण कर ड्यूटी पर तैनात मातहतों को ठहरे लोगों को कोई परेशानी न होने पाएं इसके लिए निर्देशित किया। द्वय अधिकारियों ने सेंटरों से मध्य प्रदेश जा रहे लोगों को राशन किट देकर उनको लॉक डाउन का पालन करते हुए अपने-अपने घरों में रहने के लिए निर्देशित किया। सदर एसडीएम यमुनाधर चौहान ने बताया संत जेवियर्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और संत कीनाराम पीजी कालैज से 142 लोगों को रोडवेज बसों से भेजा गया। सीओ राजकुमार त्रिपाठी, ईओ प्रदीप गिरि मौजूद रहे। घोरावल: तहसील क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर क्वारंटीन किए गए मध्य प्रदेश के 106 श्रमिकों को बृहस्पतिवार को उनके घर भेज दिया गया।