सिंगरौली। एनसीएल सीएसआर योजना के तहत सिंगरौली जिले के पांच शासकीय विद्यालयों में हाई-टेक शिक्षा दिलाने की मुहिम को आगे बढ़ाया गया है। पांच शासकीय स्कूलों में फिल्म बेस्ड टीचिंग मैटीरियल दिखाकर गणित सिखाने का कार्यक्रम नौ महीने के लिए बढ़ाया है।
एनसीएल ने शिक्षा विभाग के साथ मिलकर शासकीय विद्यालय पंजरेह, प्राथमिक विद्यालय पंजरेह, शासकीय प्राथमिक विद्यालय करैला, शासकीय प्राथमिक विद्यालय चुरकी और शासकीय प्राथमिक पाठशाला पिपरखांड़ विद्यालयों में गणित की अवधारणाओं पर आधारित फिल्म बेस्ड टीचिंग मैटीरियल तैयार कर विद्यार्थियों को गणित सिखाने की व्यवस्था की। इसके लिए इन विद्यालयों में आवश्यक उपकरण और आधारभूत ढांचा विकसित किया गया। शिक्षा के क्षेत्र की जानी-मानी संस्था प्रकाश बिंदु फाउंडेशन के साथ एक समझौता ज्ञापन किया है। एमओयू पर एनसीएल की ओर से महाप्रबंधक सीएसआर आत्मेश्वर पाठक और प्रकाश बिंदु फाउंडेशन की ओर से संस्था के सीईओ नितिन खन्ना ने हस्ताक्षर किए। सिंगरौली जिले के पांच शासकीय विद्यालयों के 800 बच्चे लाभान्वित होंगे।