सोनभद्र। जिले में शुक्रवार को यातायात अभियान को लेकर पुलिस महज खानापूर्ति करती दिखी। 28 जुलाई से 10 अगस्त तक चलने वाले यातायात अभियान के पहले दिन जगह जगह खानापूरी ही हुई। बिना हेलमेट के बाइक सवार सड़क पर दौड़ते दिखे। आटो चालकों की मनमानी जगह जगह दिखी। पहले की तरह सड़क के बीच वाहन बेतरतीब ढंग से खड़े रहे। चंद वाहनों का चालान काटकर अभियान की खानापूर्ति करते देखा गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में ट्रैफिक सिस्टम को दुरुस्त करने के लिए 28 जुलाई से 10 अगस्त का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इस अभियान में हेलमेट न पहनने, सीट बेल्ट न लगाने और ड्राइविंग करते समय फोन पर बात करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं। मगर सोनभद्र में अभियान के पहले दिन पुलिस सुस्त ही दिखी। शुक्रवार को भी जगह जगह पुलिस चेहरा देखकर वाहनों को रोकती रही। इक्का दुक्का को छोड़ दे तो अधकितर बाइक चालक बिना हेलमेट के फर्राटा भरते रहे। सीओ, कोतवाल, यातायात पुलिस अभियान का खानापूर्ति करते दिखे। बढ़ौली चौराहा, धर्मशाला रोड, ओवरब्रिज के नीचे बेतरतीब ढंग से खड़े बस और आटो से लोग आज भी जूझते रहे। वहीं सब्जी मंडी, सिविल लाइंस सहित नगर में अभियान का असर कुछ खास नहीं दिखा। बढ़ौली चौराहे पर दोपहर पौने दो बजे के करीब सीओ धनंजय सिंह कुशवाहा की अगुवाई में कोतवाल राजीव मिश्रा और एसएसआई प्रमोद सिंह वाहनों की जांच की। मारकुंडी घाटी के समीप राजमार्ग पर भी पुलिस ने आटो, बाइक आदि वाहनों की जांच की। क्षेत्राधिकारी धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि चेकिंग के दौरान छोटे-बड़े दर्जन भर 12 वाहनों का चालान कर दिया गया। कहा कि यह अभियान दस अगस्त तक चलेगा।