अनपरा(सोनभद्र)। ऊर्जांचल के प्रमुख बाजारों मे शामिल अनपरा बाजार में धनतेरस पर साफ-सफाई नहीं होने से व्यापारियों मे जहां व्यापक आक्रोश व्याप्त है वहीं व्यापारी अपने अपने प्रतिष्ठानों के सामने स्वयं साफ-सफाई कर दुकानें लगाईं।
अनपरा बाजार के पूर्व अध्यक्ष गोपाल प्रसाद गुप्ता ने कहा कि ऊर्जांचल के प्रमुख बाजारों मे शामिल अनपरा बाजार का दुर्भाग्य है कि परासी व अनपरा दो ग्राम सभाओं व अनपरा तापीय परियोजना व रेनूसागर पावर डिवीजन दो परियोजनाओ के बीच पढ़ने वाले बाजार में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं है। पर्वों पर भी साफ-सफाई नहीं कराना स्वच्छता अभियान पर सवालिया निशान लगा रहा है। उन्होंने कहा कि बाजार के मुख्य द्वार पर वर्षों से पड़ी गंदगी को हटाने के लिए कई बार संबंधित ग्राम प्रधान व सचिव सहित स्थानीय परियोजना प्रबंधन का ध्यान आकृष्ट कराया जा चुका है परंतु स्थिति जस की तस है। बाजार में व्याप्त गंदगी के बीच दुकानदारों को अपनी दुकानें लगानी पड़ रही है जो किसी भी दशा में ठीक नहीं है। व्यापारी सुमित गोयल, अजय सोनी, राकेश कुमार चौबे आदि ने भी आरोप लगाया कि साफ-सफाई के प्रति संबंधित उदासीन रवैया अपनाये हुए है। गंदगी के कारण जहां व्यवसाय प्रभावित हो रहा है वहीं संक्रामक रोगों के फैलने का भी खतरा बना हुआ है।