सोनभद्र (ओबरा)। तापीय परियोजना के मुख्य गेट से होते हुये भारतीय संविदा श्रमिक संगठन के कार्यकताओं ने सुभाष तिराहे तक शनिवार की शाम मशाल जुलूस निकाल कर विरोध दर्ज कराया। काम से निकाले गये संविदा कर्मियों को अब तक बहाल न किये जाने पर नाराजगी जाहिर की।
अध्यक्ष मंणिशंकर पाठक ने कहा कि स्थानीय अ ताप विद्युत गृह के प्रबंधक के निर्देशानुसार निकाले गये विभिन्न खंडों पर कार्यरत 41 संविदा कर्मियों को पुन: काम पर न रखे जाने से रोष व्याप्त है। परियोजना के उच्चाधिकारी ही मजदूरों की आर्थिक स्थिति बदहाल करने के जिम्मेदार हैं। तमाम कंपनियां परियोजना के अंतर्गत काम करा रही हैं। उसके बावजूद भी समायोजन न किया जाना उच्चाधिकारीयों की कार्य प्रणाली के परिप्रेक्ष्य दुर्भाग्यपूर्ण है। इस गंभीर मामले में लीपापोती कुछ अन्य भ्रष्ट संगठनों की मिलीभगत से किया जा रहा है, जिन्हें सबक सिखाने के लिये संगठनात्मक रणनीति बनाई जा रही है। छात्र नेता जुबेर अहमद ने कहा कि कई माह बाद भी कामगारों को अंधकार में रखकर आश्वासन के झूठे वादे परियोजना प्रबंधन द्वारा दिया गया जो घोर निंदनीय है। रणजीत तिवारी ने कहा कि संगठन आंदोलन करने को बाध्य है और कार्यमुक्त कामगार चुप नहीं बैठेगें। मशाल जुलूस में संगठन के महामंत्री नागेंद्र प्रताप चौहान, सुनील जायसवाल, आसिफ खान, परवेज अहमद, गोपाल यादव, जय शुक्ला, रवि बग्गा, प्रशांत सोनी, जयशंकर पाठक, दीनानाथ चंद्रवंशी, सुरेंद्र कुमार, संतोष गुप्ता, भारत पांडेय, मुलायम यादव, प्रेम प्रकाश चौबे, रामेश्वर, मोहम्मद इस्लाम मौजूद रहे। संचालन छात्र संघ पुस्तकालय मंत्री कुमार सौरभ सिंह ने किया।