शक्तिनगर/सिंगरौली। ऊर्जांचल से गुजरने वाली मालगाड़ियों सहित अन्य माध्यमों से कोयला चोरी करने वाले कारोबारियों ने नया तरीका ईजाद कर लिया है। ऐसे ही एक मामले का राजफाश करते हुए पुलिस ने बुधवार को एक ट्रक कोयला से भरा बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार चोरी का कोयला एनसीएल जयंत कोयला परियोजना से चुराया गया था।
मोरवा थाने की पुलिस का सूचना मिली थी कि एनसीएल की जयंत कोयला परियोजना से कोयला परिवहन करने वाले वाहनों से सीधे चोरी का कोयला पार किया जा रहा है। इसी सूचना पर मोरवा के नगर निरीक्षक राजेंद्र मिश्रा ने मुडवानी डैम के ऊपरी हिस्से में अपनी टीम को लगा दिया। मंगलवार की आधी रात के बाद सहायक उप निरीक्षक विनोद सिंह, प्रधान आरक्षक प्रमोद तिवारी ने ट्रक को रुकवाया और पूछताछ शुरू किया तो टक मालिक के पास कोई भी वैध दस्तावेज नहीं मिले।
चोरी के कोयले की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने ट्रक मालिक अतीक अंसारी निवासी दुद्घीचुआ सेक्टर बी व ट्रक चालक वसीम अंसारी निवासी थाना बरगवां को हिरासत में लेते हुए ट्रक सहित उसमें मौजूद 22 टन कोयले को कब्जे में ले लिया। बरामद कोयले की कीमत लाखों में बताई जा रही है। नगर निरीक्षक मिश्रा ने बताया कि चोरी का अपने आप में अलग तरह के इस मामले में एनसीएल सुरक्षाकर्मियों सहित कई अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। उनका कहना था कि सीधे खदान क्षेत्र से इस तरह की चोरी जिम्मेदार लोगों के मिली भगत बिना नहीं हो सकती है। इसलिए पूरे मामले की विस्तार से जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि शुरूआती जांच में कोयला को यूपी में खपाने की बात सामने आई है।