ओबरा। ओबरा डैम रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का अभाव है। यहां प्लेटफार्म तक नहीं है। इससे आये दिन दुर्घटनाएं हो रहीं। पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था, यात्री शेड, रेलवे स्टेशन पहुंचने के लिए साधन जैसी मूलभूत सुविधाओं के इंतजाम बेहद खराब हैं। इस नाते यहां की करीब एक लाख आबादी दस किमी दूर स्थित चोपन रेलवे स्टेशन को प्राथमिकता देती है।
ओबरा नगर से यहां पहुंचने वाले रास्ते के खस्ताहाल होने के कारण पैदल या निजी वाहन से ही यहां पहुंचा जा सकता है। लोग चोपन से ट्रेन पकड़ना बेहतर समझते हैं। ओबरा डैम रेलवे स्टेशन प्रतिदिन अप डाउन मिलाकर नौ जोड़ी ट्रेनों का ठहराव है, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों यात्री इस रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ते हैं। इस रेलवे स्टेशन की परिधि में ओबरा तापीय परियोजना, ओबरा जल विद्युत संयंत्र, एक बड़ा क्रशर उद्योग और तमाम ग्रामीण क्षेत्र की एक लाख से ऊपर की आबादी सीधे जुड़ी हुई है। इस संबंध में कई संगठन पूर्व में रेलवे प्लेटफार्म सहित अन्य सुविधाएं बेहतर किए जाने की मांग रेलवे के उच्चाधिकारियों से कर चुके हैं, लेकिन नतीजा सिफर ही रहा।
स्टेशन के अधीक्षक आरसी भारती ने बताया कि यात्री सुविधाओं के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा जा चुका है। आश्वासन मिला है कि दोहरीकरण कार्य के दौरान सारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।