सोनभद्र। जनपद में स्थित निजी कल कारखानों में स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार देने की मांग को लेकर सोनांचल संघर्ष वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। राबर्ट्सगंज कचहरी परिसर से जुलूस निकाला और नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां प्रदर्शन कर सीडीओ को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान हुई सभा में सोनांचल संघर्ष वाहिनी के संयोजक रोशन लाल यादव ने कहा कि एनसीएल की खड़िया, कृष्णशिला, बीना, ककरी तथा दुद्धीचुंआ कोयला परियोजनाओं में ओवरबर्डेन हटाने का काम कर रही निजी कंपनियों में एनआईटी के समझौते के आधार पर यहां के 80 प्रतिशत मूलत: बेरोजगारों को नौकरी दिया जाय। समझौता के आधार पर निजी कंपनियों को संविदा पर बेरोजगारों को नौकरी देना ही होगा। अनपरा दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सोसंवा के केंद्रीय अध्यक्ष हरिराम चेरो ने मांगपत्र सौंपा था। जिसे गंभीरता से लेते हुए सीएम ने जिला प्रशासन को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया था, लेकिन अभी तक जिला प्रशासन की ओर से कोई कारगर कदम नहीं उठाया गया। निजी कंपनियों केे प्रबंधन व पुलिस की सांठगांठ से बाहरी श्रमिकों को नौकरी दी जा रही है। चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्रीय बेरोजगारों को जब तक न्याय नहीं मिलेगा तब तक लगातार संघर्ष जारी रहेगा। केंद्रीय प्रधान महासचिव पुष्पेंद्र चौधरी एवं ऑल सोनांचल स्टूडेंट्स यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष आकाश जायसवाल ने कहा कि अगर निजी कंपनियां समय रहते क्षेत्रीय बेरोजगारों को नौकरी रोजगार नहीं देती है तो कंपनियों में तालाबंदी कर उन्हें सोनांचल छोड़ने पर मजबूर कर दिया जाएगा। मांगपत्र देने में विधायक हरिराम चेरो, बलवंत यादव, कृष्ण गोपाल, अमित शुक्ला, संजय दूबे, अमरनाथ चेरो, रामप्रसाद यादव, सुखेंद्र यादव, अशोक साहू, शिवम गिरी, जीत यादव, दीलिप गुप्ता मौजूद रहे।