दुद्धी। राजकीय इंटर काॅलेज दुद्धी में शुक्रवार को विकासखंड के उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों के बच्चों की राष्ट्रीय आविष्कार अभियान परीक्षा हुई। कुल 204 परीक्षार्थियों में से 184 ने परीक्षा में हिस्सा लिया।
प्रथम पाली का रिजल्ट घोषित होने के बाद शीर्ष 25 बच्चों का साक्षात्कार हुआ। इसके बाद शीर्ष 5 बच्चों का चयन जिले स्तर पर किया गया। इसमें कंपोजिट विद्यालय दुद्धी के देवांश, उच्च प्राथमिक विद्यालय दुद्धी के अजीत, हर्ष, उच्च प्राथमिक कन्या विद्यालय के अंश, उच्च प्राथमिक विद्यालय बघाड़ू के अजमेर अंसारी शामिल रहे। बीईओ महेंद्र माैर्य व प्रधानाचार्य अजय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से पुरस्कृत कर स्मृति चिह्न व प्रमाण पत्र दिया। परीक्षा में सम्मिलित बच्चों में उत्साह दिख रहा था। बीईओ महेंद्र मौर्य ने कहा कि इस प्रकार की परीक्षाओं से विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतियोगिता की भावना का विकास होता है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य अजय कुमार सिंह, एआरपी संतोष सिंह, अखिलेश कुमार, शिक्षक राजेश झा, लल्लूराम, आदि मौजूद रहे।