सोनभद्र। पिछले दो दिनों से रुक-रुककर लगातार हो रही बरसात से नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। महज 40 घंटे में जिले में 180 एमएम से अधिक बारिश दर्ज की गई है। पहाड़ी नालों से होते हुए पानी नदियों और बांधों में पहुंच रहा है। मौसम विभाग की ओर से सीमावर्ती क्षेत्रों में आगे भी भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन अलर्ट है। एहतियात के तौर पर जिले में एनडीआरएफ की 35 सदस्यीय टीम बुला ली गई है। बाढ़ कंट्रोल रूम से हालात पर निगरानी रखी जा रही है। झारखंड और छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती क्षेत्रों पर विशेष निगाह है।
गत 31 जुलाई से तेज बारिश का क्रम शुरू हुआ था। इसके बाद एक अगस्त को मौसम साफ हो गया था। शुक्रवार को दोपहर बाद से ही रुक-रुककर बारिश लगातार जारी है। शनिवार को पूरे दिन बारिश की झड़ी लगी रही। रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र के कई मोहल्लों में बारिश का पानी लगने से आवागमन में दिक्कत हुई।
कंट्रोल रूम के मुताबिक शुक्रवार की सुबह आठ बजे से शनिवार की सुबह तक जिले में 113 एमएम वर्षा दर्ज की गई थी। इसके बाद शनिवार को दिन में करीब 70 एमएम से अधिक वर्षा हुई है। इससे कई इलाकों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। बीजपुर-जरहा मार्ग पर पानी चलने से आवागमन बाधित रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह कच्चे मकान धराशाई हो गए।
अगले 48 घंटों में भी मौसम विभाग ने तेज बरसात की चेतावनी जारी की है। इसके मद्देनजर टीम कमांडर इंद्रदेव के नेतृत्व में एनडीआरएफ की एक टीम जिले में बुलाई गई है, ताकि आपात स्थिति में बचाव कार्य किया जा सके। दूसरी ओर अच्छी बरसात के बाद अब तक धान की रोपाई न कर सके किसान भी युद्धस्तर पर खेती में जुट गए हैं।
घोरावल: नगर में रॉबर्ट्सगंज मार्ग पर खुटहा बाइपास के आसपास बारिश का पानी इकट्ठा हो जाने से जल जमाव के चलते कांवड़ियों, राहगीरों व वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीएचसी परिसर, वन विभाग कार्यालय परिसर, मुक्खा मोड़, बीआरसी परिसर और ग्रामीण इलाकों में तमाम जगहों पर जलजमाव हो गया है। घोरावल तहसील व राजकीय इंटर कालेज जाने वाले गड्ढा युक्त मार्ग में जल जमाव हो गया है, वहीं गल्ला मंडी गेट के सामने मुख्य मार्ग से वृंदावन गार्डन तक जल जमाव हो गया है।
33 केवी लाइन में फाल्ट से छह घंटे गुल रही नगर की बिजली
बारिश के बीच छपका विद्युत उपकेंद्र में 33 केवी लाइन में फाल्ट आ गया। इसके चलते इससे संबंधित नगर व आसपास के सैकड़ों गांवों की बिजली गुल हो गई। दोपहर बाद तीन बजे से बंद हुई आपूर्ति रात 10 बजे तक बहाल नहीं हो पाई थी। अचानक कटौती से उपभोक्ता हलकान रहे। एक्सईएन एके सिंह ने बताया कि फाल्ट सुधारने में कर्मचारी लगे हुए हैं। रात तक आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। उधर, घोरावल, बीजपुर, रेणुकूट, चोपन, ओबरा सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली व्यवस्था ध्वस्त होने से उपभोक्ता परेशान रहे।
अंडरपास में पानी लगने से आवागमन बाधित
सलखन। चोपन थाना अंतर्गत अगोरी स्टेशन के समीप मारकुंडी जिला जेल मुख्य मार्ग मध्य स्थित अंडरपास में बरसात के पानी समेत लीकेज के साथ जल जमाव हो जाने से आवागमन बाधित है। मारकुंडी ग्राम सभा के प्रधान उधम सिंह, अमित कुमार सिंह नगर प्रभारी गुरमा, मनोज कुमार सभसद प्रतिनिधि, संजय सिंह ,एस के गुप्ता,शिब्बु केशरी, रिंकू मेहता, इरफान अली, इरशाद खां, अरुण यादव, राजेश मिश्रा आदि ने रेलवे के अधिकारियों से अविलंब पानी निकासी कराने की मांग की है।