बभनी। ब्लॉक के रनदह गांव में सूखा राहत पैकेट के वितरण में अनियमितता को लेकर बुधवार की शाम ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। कोटेदार के खिलाफ नारेबाजी और प्रदर्शन कर उसके क्रिया कलापों के जांच की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कोटेदार ने 161 पात्रों में सिर्फ 80 को पैकेट दिया और दुकान बंद कर दिया। इससे लोगों में असंतोष है।
ग्रामीणों ने कहा कि कोटेदार अनाज व मिट्टी तेल का वितरण नहीं करता है। कुछ लोगों को बांटता है और फिर सामग्री खत्म होने का बहाना बनाकर सभी को लौटा देता है। हर माह ग्रामीणों को मिट्टी तेल भी नहीं मिलता है। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने तहसील दिवस में भी किया है। बताया कि बुधवार की शाम कोटेदार के यहां सूूखा राहत पैकेट बंटना था। कोटेदार ने 161 लोगों के बजाय 80 लोगों को ही सामग्री दिया और दुकान बंद कर दिया। प्रथम और द्वितीय चरण में भी करीब दस बारह लोगों को सामग्री का पैकेट नहीं दिया गया था। क्षेत्रीय लेखपाल सुरेंद्र नारायण पाठक का कहना है कि सूखा राहत सामग्री का वितरण सूची के अनुसार ही कराया जायेगा। गांव के संदीप कुमार, धनसाय, रामसरन, रामजीत, बेचन, महेंद्र सिंह, देवेंद्र, राम दुलार, चुल्हन, फूलचंद ने आरोप लगाया कि कोटेदार अनाज की कालाबाजारी कर रहा। ग्रामीणों ने डीएम से जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।