चोपन। बरेली से चोपन चलकर आई बरवाडीह त्रिवेणी लिंक एक्सप्रेस सोमवार को सुबह रद्द कर दी गई। इसकी जानकारी मिलते ही यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। स्टेशन मास्टर के कार्यालय पर पहुंचकर यात्रियों ने नारेबाजी शुरू कर दी। मामला गंभीर होता देख मौके पर जीआरपी पहुंच गई। काफी हंगामे के बाद यात्री स्टेशन पर ही किराया वापस दिये जाने की मांग को लेकर डटे थे।
सोमवार की सुबह बरेली से चलकर त्रिवेणी एक्सप्रेस जब चोपन पहुंची तो यात्रियों को पता चला कि बरवाडीह त्रिवेणी लिंक एक्सप्रेस को रेल पटरी के मरम्मत कार्य के चलते रद्द कर दिया गया है। यह सुनते ही सैकड़ों की संख्या में यात्री हंगामा करने लगे और स्टेशन मास्टर के आफिस पर पहुंचकर नारेबाजी करने लगे। हंगामा बढ़ता देख मौके पर जीआरपी भी पहुंच गई और हंगामा कर रहे यात्रियों को समझाने लगी। लेकिन यात्रियों का कहना था कि उन लोगों ने दो माह पहले ही रिजर्वेशन कराया था। स्टेशन पर आने के बाद बताया जा रहा है कि ट्रेन कैंसिल कर दिया गया है। मुख्तार आलम, शैलून अंगारी, राम प्रसाद, विकास कुमार, इंताफ अंसारी, सूरजमन, शांति देवी समेत अन्य यात्रियों का कहना था कि त्योहार का समय है। सबको अपने-अपने घर परिवार में पहुंचना है। अब जबकि ट्रेन कैंसिल हो गया है, ऐसे में घर पहुंचने के लिए भारी समस्या खड़ी हो गई है। उधर काफी जद्दोजहद के बाद रेलवे द्वारा टिकट का पैसा वापस करने के लिए विचार विमर्श किया जा रहा था। गौरतलब हो कि बीते दिनों पूर्व मध्य रेल धनबाद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सूचना दिया गया था कि रेल पटरियों के मरम्मत कार्य की वजह से ट्रेन सोमवार को निरस्त रहेगी। जबकि यात्रियों का कहना था कि जब हम लोग टिकट ले रहे थे, तब इसकी जानकारी रेल प्रशासन की ओर से क्यों नहीं दी गई। स्टेशन अधीक्षक जे एन मिश्रा का कहना है कि यात्रियों का टिकट रिफंड कर दिया गया है। शेष यात्री पलामू लिंक एक्सप्रेस और चुनार-वाराडीह पैसेंजर से जाएंगे।