बभनी। विशेष स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर पखवाड़े के तहत प्राथमिक विद्यालय चपकी में शनिवार को लगे स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें दवा का वितरण किया गया। एलोपैथ, होम्योपैथ व आयुर्वेद के कुशल चिकित्सकों ने रोगियों का उपचार किया।
स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ बभनी सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डा. आरएन सिंह व कार्यक्रम के मंडल प्रभारी भाष्कर चतुर्वेदी ने एक बच्चे को टीकाकरण कर किया। अधीक्षक ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा 17 से 25 अक्टूबर तक विशेष स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें आयुष्मान भारत योजना के तहत लोगों को मिलने वाले लाभ के प्रति जागरूक किया जा रहा है। शिविर में 276 लोगों का स्वास्थ्य जांच कर दवा दी गई। इसके अलावा बच्चों व गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण भी किया गया। इस मौके पर राधेश्याम पांडेय, चिकित्साधिकारी डा. रोहित सिंह, एनम रत्ना विश्वास, डा. डीके भारती, डा. प्रभाकर, डा. हेमलता, डा. रामधनी राम, डा. अरविंद, डा. नरेंद्र कुमार सिंह, विमला देवी, नवल कुमार, प्रधान प्रतिनिधि अजय यादव, शंकर विश्वास मौजूद रहे।
वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कचनरवा में आयुर्वेद पद्धति से उपचार को बढ़ावा देने के लिए शनिवार को चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। आयुष चिकित्सक डा. नागेंद्र व डा. मनोज ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की और दवा दी। इस मौके पर राकेश तिवारी, संजय चौबे, उमाशंकर जायसवाल, सुशील जायसवाल, अखिलेश तिवारी आदि मौजूद रहे।