सोनभद्र। राबर्ट्सगंज में स्थित एक निजी अस्पताल में दूषित भोजन करने से बीमार ट्रक चालक समेत तीन युवकों को भर्ती कराया गया था। गुरुवार को दवा का करीब 16 हजार रुपये नहीं देने पर डॉक्टर ने मरीज वीरेंद्र (22) को छुट्टी देने से इंकार कर दिया। जबकि जिस होटल में वीरेंद्र व उसके साथियों ने खाना खाया था उसके मालिक ने दवा कराने का वादा किया था। पीड़ित युवक के भाई ने पुलिस को ढाबा मालिक के खिलाफ तहरीर देकर दवा का भुगतान कराने की मांग की है।
सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र के कम्हरिया गांव के समीप राजमार्ग के किनारे स्थित एक ढाबा पर 22 जुलाई की रात में एक ट्रक चालक, खलासी समेत तीन युवकों ने भोजन किया। भोजन के बाद चालक ट्रक को लेकर राबर्ट्सगंज की ओर बढ़ा तो उसे चक्कर आने लगा। उसने ट्रक वहीं रोक दिया। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के कुसी निवासी चालक दिनेश यादव (35), खलासी वीरेंद्र (22) और मानपुर निवासी सुभाष (21) को सूचना मिलने के बाद घरवालों ने तीनों को राबर्ट्सगंज में स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। गुरुवार को कोतवाली में वीरेंद्र के भाई जितेंद्र ने बताया कि होटल मालिक ने तीनों के उपचार का खर्च वहन करने की बात कहते हुए पुलिस से शिकायत नहीं करने की बात कही थी। लेकिन अब वह भुगतान से इंकार कर रहा है। दवा का करीब 16 हजार रुपये देने के बाद डॉक्टर छोड़ने की बात कह रहे हैं। इस संबंध में सिटी सीओ ने कहा कि अभी तक मामला उनके संज्ञान में नहीं है। फिर भी मामले की जांच कोतवाल से करवा कर उचित कार्रवाई की जाएगी।