सोनभद्र (घोरावल)। कोतवाली क्षेत्र के खड़देऊर गांव में शुक्रवार की देर रात ट्रैक्टर ट्राली पलटने से उस पर सवार नौ लोग घायल हो गए। घायलों में पांच सिंगरौली जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र के तिलया-मुमरीहवां के निवासी हैं, जबकि चार घोरावल कोतवाली क्षेत्र के खगिया के निवासी हैं।
सिंगरौली जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र से करीब दर्जन भर लोग ट्रैक्टर से घोरावल नगर में अनाज बेचने और बाजार में खरीददारी करने आए थे। परिवार के साथ आए ट्रैक्टर चालक लालजी को घर से फोन आया कि उसकी माँ की मौत हो गई है। मां की मौत की खबर सुनते ही आनन फानन में सभी लोग रात में ही वापस घर के लिए चल दिये। रात करीब नौ बजे जब ट्रैक्टर खड़देऊर में पहुंचा, अचानक ट्रैक्टर की लाइट बुझ गई, जिससे अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में सिंगरौली जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र के तिलया-मुमरीहवां निवासी
शेषमणि पाल (49) पुत्र जंगली पाल, केशरी (40) पत्नी लालजी पाल, गंगाराम पाल (23) पुत्र सत्यलाल, सुनील पाल (12) पुत्र लालजी पाल, चंपा (40) पत्नी छोटे पाल, घोरावल कोतवाली क्षेत्र के खगिया निवासी नीरज (3) पुत्र रामचंद्र, सत्या (5) पुत्री रामचंद्र, विमला (25) पत्नी रामचंद्र और रामचंद्र पाल (28) घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल में भरती कराया गया है।