बभनी के पास बस और ट्रक की टक्कर में फंसे चालक क़ो बाहर निकालते लोग।
बभनी-अंबिकापुर मार्ग पर घसिया टोला के पास बुधवार को बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक समेत 16 लोग घायल हो गए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस चालक केबिन में फंस गया। उसे काफी मशक्कत के बाद खींचकर बाहर निकाला गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बभनी पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चार की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज लोढ़ी रेफर कर दिया गया।
घायलों में दुद्धी के रजखड़ निवासी रमेश कुमार (50), बीजपुर निवासी खुशबू (36), महरी कला निवासी रूप कुमारी (40), छत्तीसगढ़ के बरती निवासी नीलेश ठाकुर (22), किरबिल निवासी दादूलाल (65), चांचीकला निवासी रामप्रवेश (35), काचन निवासी रामकेश (50), कोटा निवासी रामऔतार (51), बीजपुर निवासी अंजू (23), सेंदूर निवासी मुन्नी देवी (40), भंवर निवासी पानपति देवी (60), आशा (19), बरवाटोला निवासी मनोहर कुमार (35), कोटा निवासी रामअवतार (50), चपकी निवासी सरोज देवी (57) और बस चालक गौरी खां (50) शामिल हैं। बताया जा रहा है कि बस रेणुकूट की ओर जा रही थी। रास्ते में बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। सीएचसी बभनी के चिकित्साधिकारी डॉ. फिरोज आब्दीन ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लोढ़ी रेफर किया गया। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि सभी घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया।