दुद्धी। विद्युत विभाग के संविदा कर्मियों की हड़ताल से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति रविवार की सुबह से ठप है। इससे लोग पानी तक के लिए तरस गए हैं। कर्मी शनिवार को खंभे से गिरकर एक लाइनमैन की मौत होने से नाराज हैं और सुरक्षा उपकरण समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग पर अड़ गए हैं।
विद्युत विभाग संविदा कर्मचारी संगठन के जिलाध्यक्ष भोला सिंह कुशवाहा ने बताया कि बभनी में एक संविदा कर्मचारी की मौत को किसी अधिकारी ने गंभीरता से नहीं लिया। इससे क्षेत्र के सभी सब स्टेशन व न्यू दुद्धी सब स्टेशन, अमवार, डूमरडीहा, कुंडाडीह, नधिरा, बभनी, बीजपुर आदि सब स्टेशन पर तैनात कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी है। संविदा कर्मचारी जान दांव पर लगाकर कार्य करते हैं। फिर भी विभाग और ठेकेदार उन्हें सेफ्टी बेल्ट उपकरण नहीं देते। पूर्व में कार्य के दौरान कई संविदा कर्मियों की मौत हो चुकी है। मांग की कि विभाग व ठेकेदार कर्मचारियों को सेफ्टी बेल्ट उपकरण मुहैया कराए। मृतक कर्मचारियों को दस लाख रुपये मुआवजा दे। सुरक्षा उपकरण मुहैया होने पर ही हड़ताल खत्म होगी।
उधर विधायक हरिराम चेरो ने संविदा विद्युत कर्मचारी की मौत होने और दोपहर तक पोस्मार्टम न होने पर चिकित्सा अधीक्षक को तत्काल पोस्टमार्टम कराने का निर्देश दिया। हड़ताल के दौरान भोला सिंह कुशवाहा, अहमद अली, राजेश कुमार, रविंद्र कुमार, गयासुद्दीन, विमलेश, अजीत, जगत, विंध्याचल, गंगा प्रसाद, शिव प्रसाद, राजेंद्र, विजय शाहू, भोला पाल, सुनील कुमार, संजय गुप्ता, अली मुहम्मद, श्यामदास शामिल रहे। उधर विद्युत विभाग के जेई आर. हरेश ने कहा कि हड़ताली कर्मियों से वार्ता चल रही है। शीघ्र ही समस्या का समाधान कर आपूर्ति बहाल कराई जाएी।