सोनभद्र। सघन पल्स पोलियो महाअभियान के तहत रविवार को जिले भर में बनें 1092 बूथों पर पांच साल तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। 696 टीमों में शामिल सदस्य घर-घर पहुंचकर बच्चों को पोलियो की दवा पिला रहे थे। राबर्ट्सगंज में सीएमओ कार्यालय परिसर में स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बच्चों को दो बूंद खुराक पिलाकर अभियान की शुरूआत किया।
यहां सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि बच्चों को पोलियो बूथ पर लाकर शत प्रतिशत प्रतिरक्षित करें। पांच वर्ष के सभी बच्चों को पोलियो बूथ पर दवा पिलाना है और इस कार्य को स्वास्थ्य विभाग एवं बाल विकास के कर्मचारी पूरा करेंगे। जिले के शत-प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक से आच्छादित करना है। सीडीओ ने बताया कि कुल 1092 बूथ बनाए गए हैं, जहॉ पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जायेगी। इसके अतिरिक्त बस अड्डों, रेलवे स्टेशन जैसे- भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर 40 ट्रांजिट पोलियो बूथ बनाए गए हैं और चोपन तथा सुकृत के खदान क्षेत्रों में काम करने वाले मजदूरों के बच्चों के लिए सात मोबाइल टीमें बनायी गई हैं जो इन क्षेत्रों में घूम-घूम कर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी।
696 हाउस-टू-हाउस टीम बनाई गई हैं जो घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। कुल 317936 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य है। जो बच्चे आज पोलियो की खुराक पीने से छूट जायेगे उन्हें अगले पांच दिनों तक घर-घर जाकर पोलियो की खुराक दी जाएगी। इस अवसर पर एसीएमओ (प्रतिरक्षण) डॉ. बीके अग्रवाल, डिप्टी सीएमओ डॉ. पीके सिंह, यूनिसेफ प्रतिनिधि इरशाद, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम रिपुंजय श्रीवास्तव, लायंस क्लब के अध्यक्ष किशोरी सिंह, नसीम शाह, संजय कुमार सिंह, आनंद मिश्रा, विनय यादव, पीके सिंह, राकेश कन्नौजिया, मनोज, स्वर्णलता, एएनएम, आशा मौजूद रहीं।