अनपरा। एनजीटी की ओवर साइट कमेटी के निर्देंश पर एनसीएल की सभी कोल परियोजनाओं से दूसरे दिन भी कोल ट्रासपोर्टिंग सड़क मार्ग से ठप रही। जिससे हजारों की संख्या में दौड़ रहे कोल परिवहन में लगे वाहनों के पहिएं थमे रहे।
सिंगरौली व सोनभद्र में व्याप्त प्रदूषण को लेकर एनजीटी की ओवर साइट कमेटी ने पूर्व के आदेशों को कड़ाई से अनुपालन कराने के लिए जिला प्रशासन को दिशा-निर्देश दिये थे। जिस पर उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश में एनसीएल की सभी कोल परियोजनाओं से सड़क मार्ग से कोल परिवहन ठप कर दिया गया है। कोल परिवहन ठप होने के उपरान्त एनसीएल प्रबंधन ने स्थानीय स्तर पर मंत्रणा कर एनजीटी के आदेशों को सुप्रिम कोर्ट में चुनौती देने की तैयारी शुरू कर दी है। एनसीएल के पीआरओ सीरज सिंह का कहना है कि एनजीटी के आदेश पर कोल परिवहन बंद कर दिया गया है। इस मामले में एनसीएल ने सुप्रिम कोर्ट में पूर्व में याचिका दायर कर रखी है। मामले के निस्तारण के लिए सुप्रिम कोर्ट का दरवाजा खट-खटाया जायेगा।
कोल परिवहन ठप होने से नागरिकों ने ली राहत की सांस
अनपरा। ऊर्जांचल में सड़क मार्ग से कोल परिवहन बंद होने से जहां प्रदूषण व सड़क दुर्घटना की मार झेल रहे नागरिकों में हर्ष व्याप्त है। वहीं एक तबका कोल परिवहन बंद होने से बेरोजगारी की बात भी कह रहा है। हालाकि एनजीटी के आदेशों का यह असर कितने दिनों तक प्रभावी रहेगा यह तो भविष्य के गर्त में है। परन्तु काफी समय बाद एनजीटी के पहल पर लोगों को व्याप्त प्रदूषण से राहत की सांस मिली है।