सोनभद्र। कालेजों में पढ़ने वाले पूर्व दशम, दशमोत्तर एवं अन्य विद्यार्थियों के आधार कार्ड का अब ऑनलाइन वेरीफिकेशन होगा। इसके बाद ही छात्र-छात्राओं के खाते में छात्रवृत्ति भेजी जाएगी। इसको लेकर शासन ने समाज कल्याण विभाग को डाटावेस तैयार कराने का निर्देश दिया है। ऐसे में अब कोई भी शिक्षक या विद्यालय प्रबंधन छात्रवृत्ति में कोई खेल नहीं कर पाएगा।
बताते चले कि शासन ने समाज कल्याण विभाग को जिन विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जानी है उनकी रिपोर्ट तैयार कर छात्र-छात्राओं के आधार कार्ड ऑनलाइन वेरीफिकेशन कराने का निर्देश दिया है। ताकि छात्रवृत्ति में किसी गड़बड़ी की कोई गुंजाइश न रह जाए। चेतावनी भी दी गई है कि किसी विद्यार्थी का आधार कार्ड सत्यापन करने से छूटने न पाएं, क्योंकि जिन विद्यार्थियों का आधार कार्ड सत्यापन होगा उन्हीं को छात्रवृत्ति मिलेगी। विभाग ने आधार कार्ड के सत्यापन कराने की तैयारी में जुट गया है। इस संबंध में जिला समाज कल्याण अधिकारी कृष्णानंद तिवारी का कहना है कि पूर्व दशम, दशमोत्तर एवं अन्य छात्रों के आधार कार्ड का ऑनलाइन वेरीफिकेशन करने के लिए समयसारिणी जारी कर दिया गया है। इस संबंध में संस्थाओं को अवगत कराने के लिए डीआईओएस को पत्र भी भेजा गया है। कहा कि कालेजों से छात्र-छात्राओं के आधार कार्ड की सत्यापन किए जाने की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। शासन के मंशानुसार सभी संबंधित सभी विद्यार्थियों का आधार कार्ड सत्यापन कराने की रूपरेखा तैयार कर ली गई है।