सोनभद्र। नगर में शुक्रवार को नगर पालिका के ईओ प्रदीप गिरी ने कई दुकानों पर छापेमारी कर 1067 किग्रा प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद किया। उधर छापेमारी की भनक लगते ही प्लास्टिक का कार्य करने वाले कई दुकानदार अपनी दुकानों का शटर गिराकर फरार हो गए।
नगर में दोपहर बाद नगर पालिका के ईओ की अगुवाई में दुकानों पर छापेमारी शुरू की गई। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरी ने बताया कि गोलू जनरल स्टोर मंडी समिति के सामने, मेसर्स शुभम जनरल स्टोर मेन मार्केट रोड और मेसर्स अमित कुमार जनरल स्टोर मेन मार्केट पर छापेमारी कर 1067 किग्रा प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग बरामद करते हुए दुकानदारों को चेतावनी दी गई। कहा कि प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग के खिलाफ निरतंर अभियान जारी रहेगा। नपा के अवर अभियंता दिनेश कुमार, विमलेश पाल, संत कुमार सोनी, सुजीत, राजीव गुप्ता, तौसिफ अहमद, विजय कुमार, रंजीत सिंह आदि मौजूद रहे।