घोरावल। नगर पंचायत और पुलिस ने शुक्रवार को नगर में अभियान चलाकर पालीथिन बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने तीन दुकानों की जांच की। इनमें से आठ दुकानों में प्रतिबंधित पालीथिन और थर्माकोल पाए गए। इन दुकानदारों से 10 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
अधिशासी अधिकारी चैतन्य कुमार तिवारी ने बताया कि नगर में तमाम दुकानों पर पालीथिन एवं थर्माकोल का इस्तेमाल किया जा रहा है। शिकायतों के मद्देनजर शुक्रवार को दोपहर 30 दुकानों में औचक छापेमारी की गई। दुकानदार विनोद कुमार, ओमप्रकाश, बाबा किराना स्टोर, मुन्ना किराना स्टोर, गुड्डू, शिवशंकर, प्रमोद कुमार और राजन के वहां पालीथिन और थर्माकोल पाया गया। दुकानदारों से कुल मिलाकर 10 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया और पालीथीन व थर्माकोल जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान घोरावल पुलिस भी मौजूद रही।
इसके साथ ही सभी दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि वे प्रतिबंधित पालीथीन व थर्माकोल का उपयोग न करें, अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी।उन्होंने बताया कि आगे भी इस तरह की कार्यवाही जारी रहेगी।छापेमारी की टीम में नगर पंचायत के चंचल सिंह, शंकरलाल, बचाऊ राम व पुलिस फोर्स शामिल रही।