सोनभद्र। राबर्ट्सगंज में स्थित एक मेडिकल स्टोर पर मंगलवार को कुछ लोगों ने हंगामा किया। उनका आरोप था कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मेडिकल स्टोर को बंद करवाया है, फिर भी खुली है। जबकि मेडिकल स्टोर के संचालक का कहना था कि क्लिनिक को सील किया गया है। उधर हंगामे की खबर पाकर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
पुलिस के मुताबिक दोपहर करीब 12 बजे कुछ लोगों ने मेडिकल स्टोर पर पहुंच कर बंद करने के लिए दबाव देने लगे। उनका कहना था कि कुछ दिन पूर्व मेडिकल से संबंधित क्लीनिक में उपचार के दौरान एक महिला की मौत हो गई थी। इसकी जानकारी होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक को सील कर दिया था। स्वास्थ्य विभाग से बिना अनुमति लिए चिकित्सक मेडिकल स्टोर खोलकर मरीजों का उपचार कर रहा है। हालांकि पुलिस के पहुंचने पर मेडिकल स्टोर पर डॉक्टर नहीं थे। वहीं मेडिकल स्टोर के संचालकों का कहना था कि क्लिनिक से उन का कोई लेना-देना नहीं है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल स्टोर के संचालक को उसके मेडिकल स्टोर का लाइसेंस अलग है या नहीं इस बारे में कागजात उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। उधर पुलिस के पहुंचने पर हंगामा करने वाले शांत होकर चले गए।