करमा। करमा ग्राम समूह पेयजल परियोजना बेकार साबित हो रही है। करीब एक सप्ताह से इस परियोजना से पानी की आपूर्ति बंद है। इससे लोगों को पाइप लाइन के जरिए पानी नहीं मिल पा रहा है। इस भीषण गर्मी और कड़ी धूप में लोगों को पानी के लिए हैंडपंपों पर कतार लगानी पड़ रही है।
ग्राम समूह पेय जल योजना से पानी की आपूर्ति बाधित होने से करमा, मदैनिया, हिनौता, पड़रवा, सिरसिया ठकुराई, बिजनपुर, धौरहरा, गनेशपुर समेत दर्जन भर गांवों में पानी की किल्लत हो गई है। लोग पानी के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं, क्योंकि इस भीषण गर्मी में भूमिगत जल स्तर काफी नीचे चला गया है। ऐसे में क्षेत्र में पीने के पानी का एक मात्र सहारा ग्राम समूह पेयजल योजना के तहत पाइप लाइन द्वारा की जाने वाली सप्लाई है। इस भीषण गर्मी में जल निगम का कोई भी सक्षम अधिकारी इस समस्या के प्रति संजीदा नहीं दिख रहा। लोगों का कहना है कि मोटर खराब हुए एक सप्ताह से अधिक का समय बीत गया लेकिन अभी तक पेयजल की आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। इससे ग्रामीणों में असंतोष है। ग्रामीणों ने बताया कि टैंकर द्वारा पानी की आपूर्ति ग्राम प्रधान द्वारा किया जा रहा जो नाकाफी है। परियोजना से जुड़े अधिकारी फोन तक नहीं रिसीव नहीं कर रहे। उधर पंप ऑपरेटर शंभूराम ने बताया कि मोटर बनाने का काम ठेकेदार कर रहा है। जल्द ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।