दुद्धी। कनहर सिंचाई परियोजना डूब क्षेत्र के सुंदरी गांव में मंगलवार को दोपहर बाद प्रशासनिक टीम ने पुनर्वास पैकेज प्राप्त कर चुके विस्थापितों का घर आंशिक रूप से गिरवा दिया। इससे विस्थापितों में हड़कंप मच गया। दोपहर बाद एसडीएम केएस पांडेय डूब क्षेत्र के सुंदरी गांव पहुंचे और वहां ऐसे 16 विस्थापितों के घरों को ध्वस्त करा दिया, जिन्हें पूर्व में पैकेज राशि मिल चुकी है। उन्हें पूर्व में अपने घरों को गिराने की भी नोटिस भी दी गई थी। सुंदरी गांव के मिश्री लाल पुत्र शिवसरन, बाल्मीकि पुत्र रामप्यारे, विफनी पत्नी मदई, रामफल पुत्र धन सिंह, बचनू पुत्र रामअधार व फणीश्वर पुत्र शिवशरण का घर गिराया गया है। बता दें की ब्लास्टिंग एरिया में रह रहे लोगों को काफी समय से हटने का निर्देश दिया जा रहा था, लेकिन विस्थापितों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया था। बारिश के दिनों में उन्हें खतरा भी हो सकता था।
इसलिए प्रशासन को सख्त रुख अख्तियार करना पड़ा। एसडीएम केएस पांडेय ने बताया कि कनहर सिंचाई परियोजना डूब क्षेत्र के विस्थापितों को विस्थापन पैकेज की धनराशि दी जा चुकी है। वे बरसात से पूर्व पुनर्वास कालोनी में बस जाएं। और जिन्हें घरों को गिराने का नोटिस दिया जा चुका है वे घरों को गिरा दें, अन्यथा प्रशासन स्वयं घरों को गिरवा देगा। इस मौके पर हल्का लेखपाल हृदेश मौर्या, अनीता गुप्ता, म जेई राजेश कुमार, डीके कौशिक के साथ ही अमवार चौकी पुलिस मौजूद रही।