अनपरा। सीओ सिटी रामपुर द्वारा बिजली विभाग के सहायक अभियंता के साथ की गई मारपीट व विभिन्न मामले में फंसाने की धमकी दिये जाने के प्रकरण में कार्रवाई नहीं होने से प्रदेश के विद्युत अभियंताओं में रोष गहराता जा रहा है। विद्युत अभियंता संघ की केंद्रीय कार्यकारिणी ने सोमवार को लखनऊ में बैठक कर कार्रवाई न होने पर प्रदेश में व्यापक आन्दोलन करने की चेतावनी दी है।
विद्युत अभियंता संघ के महासचिव राजीव सिंह एवं अध्यक्ष जीके मिश्रा ने कहा कि अभी तक चुनाव आचार संहिता के नाम पर कार्यवाही से बचाया जा रहा था। अब सीओ सिटी पर कार्रवाई होनी चाहिए। इस कृत्य से पूरे प्रदेश के विद्युत अभियंता आक्रोशित एवं क्षुब्ध हैं तथा सुरक्षा की गारंटी हेतु आंदोलन को मजबूर हैं। अभियंताओं की सुरक्षा सर्वोपरि है एवं सरकार का दायित्व है कि वह विद्युत अभियंताओं को पूर्ण सुरक्षा प्रदान करे। बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि इस घटना पर प्रमुख सचिव गृह के निदेर्शों के बावजूद जिला प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। कार्रवाई के नाम पर मात्र निर्दोष पुलिस कर्मियों को निलंबित किया गया। एक सप्ताह में सीओ सिटी के विरुद्ध कार्रवाई नही की गयी तो पूरे प्रदेश के विद्युत अभियंता आंदोलन करने को बाध्य होंगे। बैठक में रामप्रकाश, विजय पाल, आलोक कुमार श्रीवास्तव, डीसी दीक्षित, संदीप राठौर समेत सभी प्रांतों के अभियंता मौजूद रहे।