सोनभद्र। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या कम नहीं हो रही है। पिछले चार दिनों से मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। खासकर म्योरपुर ब्लॉक क्षेत्र में स्थित औद्योगिक क्षेत्रों में कोरोना संक्रमितों की संख्या में इजाफा हुआ है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन में 15 कोरोना संक्रमित मिले हैं, जिसमें से अकेले म्योरपुर क्षेत्र के 12 मरीज हैं। जबकि घोरावल, चोपन और राबर्ट्सगंज ब्लॉक क्षेत्र से एक-एक मरीज मिले हैं।
करीब एक साल कोरोना के संक्रमण के नाते विभिन्न तरह की परेशानियों के बीच गुजर गया। किसी तरह ठप हुई सारी की सारी व्यवस्था पटरी पर आना शुरू हुई थी कि फिर कोविड 19 का संक्रमण शुरू हो गया है। बड़े शहरों में कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। औद्योगिक क्षेत्र माने जाने वाले म्योरपुर ब्लॉक समेत पूरे सोनभद्र में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन में 15 कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए हैं। कुछ लोगों की एंटीजेन जांच भी हुई है, जिसमें उनके कोरोना पॉजीटिव होने की पुष्टि हुई है। जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में कोरोना संक्रमितों की संख्या फिलहाल कम है लेकिन औद्योगिक क्षेत्रों में यह संख्या ज्यादा है। अब तक जिले में जितने भी कोरोना संक्रमित मिले हैं उसमें सबसे ज्यादा संक्रमित म्योरपुर ब्लॉक क्षेत्र के हैं जो औद्योगिक क्षेत्र माना जाता है। उधर सीएमओ डॉ. नेम सिंह का कहना है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को कोरोना से बचाव के लिए कोविशिल्ड और को वैक्सीन लगवाया जा रहा है। लोगों से अपील की जा रही है कि सामाजिक दूरी बनाकर रखें, मॉस्क का उपयोग करें और सैनिटाइज प्रयोग में लाएं। उन्होंने कहा कि औद्योगिक इकाइयों के संचालकों से अपील की गई है कि वे बाहर से आने वाले कर्मियों की पहले कोरोना की जांच कराएं उसके बाद ही उन्हें काम पर लें।