सोनभद्र। राॅबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में एक युवक को डीएलडब्ल्यू वाराणसी में नौकरी दिलाने के नाम पर जालसाजों ने 15 लाख रुपये ठग लिए। युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
राॅबर्ट्सगंज पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर ब्रह्मनगर रोड घुरमा निवासी जनार्दन पांडेय ने बताया कि उसके रिश्तेदार बालगोविंद मिश्रा के परिचित अजीत दुबे से जनवरी 2022 में जान-पहचान हुई थी। वह खुद को वाराणसी के डीएलडब्ल्यू में उच्च पद पर कार्यरत बता रहा था। अपनी पहुंच के आधार पर कई रिश्तेदारों की नौकरी लगवाने की बात कही।
उसके झांसे में आकर मैने अपने बेटे मृत्युंजय पांडेय की क्लर्क पद पद नौकरी लगवाने को कहा। अजीत दुबे ने उसे फाॅर्म भरवाने और इंटरव्यू की तिथि आने पर सूचित करने की बात कही। कुछ दिनों के बाद अजीत ने इंटरव्यू में चयन कराने के लिए 15 लाख रुपये का प्रबंध करने को कहा।
इसके बाद उसने आठ लाख रुपये कर्ज लेकर मार्च 2022 में दिया। दोबारा मई 2022 में शेष सात लाख रुपये की मांग की जाने लगी। इस पर उसने ढाई लाख की व्यवस्था कर दिया। एक लाख रुपये अजीत के बैंक खाते में नकद जमा किया गया।
फिर से साढ़े तीन लाख रुपये की मांग की जाने लगी। यह राशि भी कचहरी बुलाकर दे दी गई। आरोप है कि कुछ सादे पेपर पर उनके बेटे का हस्ताक्षर कराते हुए जनवरी 2023 में तैनाती की बात कही गई, मगर तब से अजीत कुमार दुबे हमेशा कोई न कोई बहाना बनाकर टालमटोल किया जा रहा है। मार्च 2025 में पैसा लौटाने का वादा किया गया था।
इसे पूरा न होने पर 23 जून को जब फोन किया गया तो ऊंची पहुंच का हवाला देकर धमकी दी जाने लगी। कोतवाल माधव सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।