सोनभद्र। जिले में मानसून ने दस्तक दे दिया है। पिछले 24 घंटे के दैरान रूक-रूक कर आंधी संग हुई हल्की बारिश नगरों में कराए गए विकास कार्यों की पोल खोल कर रख दिया। राबट्र्सगंज नगर के कई हिस्सों में जाम नालियों के कारण जलभराव हो गया। कई मकानों में पानी घुस गया। जबकि नपा प्रशासन ने एक ठेकेदार को नालियों की साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया है। बारिश से किसानों गदगद हो गए और धान की नर्सरी डालने की तैयारी में जुट गए है।
प्रत्येक वर्ष शहरों में सड़क, नाली का कार्य कराने के नाम पर पानी की तरह धन खर्च होता है। बावजूद इसके जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं हो पा रही है। जिले का इकलौता राबर्ट्र्सगंज नगर पालिका क्षेत्र में भी जलनिकासी की व्यवस्था नहीं है। अधिकांश मोहल्ले की नालियां जाम है। गुरुवार की रात और शुक्रवार को रुक -रुक कर हुई बारिश से दीपनगर, नई बस्ती, न्यू कालोनी, वकिास नगर, न्यू कालोनी, दलित बस्ती, विकास नगर में सड़कों पर पानी बहने लगा। कबिला बस्ती, दीपनगर और नई बस्ती के कई घरों मेें पानी घुस गया, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इन मोहल्ले के कईं नालियां टूटी या बगैर ढकीं है। ओवरब्रिज के नीचे की नालियों को भी पूर्ण रूप से ढका नहीं गया है। घरों के सामने सड़कों पर जमे नाबदान के पानी से निकल रहे दुर्गंध से लोगों का जीना दुश्वार हो गया। उधर ओबरा, घोरावल, रेणुकूट, पिपरी, दुद्धी और चोपन नगर पंचायतों के कई वार्डों में साफ-सफाई व जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से रहवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिलाधिकारी पीके उपाध्याय ने कहा कि नगर पालिका और सभी नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को नालियों की साफ-सफाई और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने की सख्त हिदायत दी गई है। ताकि लोगों को परेशानियों का सामना करना न पड़ें।