फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोनभद्र में 1361 परीक्षर्थियों ने छोड़ दी टीईटी की परीक्षा

विज्ञापन
राबर्ट्सगंज आदर्श इंटर कालेज में टीईटी परीक्षा के पूर्व गेट पर जांच करते शिक्षक। - फोटो : SONBHADRA
विज्ञापन
जिले में रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 12 केंद्रों पर शिक्षक पात्रता परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। दोनों पालियों की परीक्षा में कुल पंजीकृत 10762 के सापेक्ष 9401 अभ्यर्थी शामिल हुए। 1361 ने परीक्षा छोड़ दी। डीएम टीके शिबू, एसपी अमरेंद्र प्रसाद समेत अन्य अधिकारी केंद्रों का भ्रमण कर जायजा लेते रहे। सुरक्षा के मद्देनजर बस और रेलवे स्टेशनों पर भी पुलिस अलर्ट रही।
विज्ञापन

नगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज, संत जेवियर्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, संत जोसेफ कानवेंट हाईस्कूल, राजकीय महिला महाविद्यालय छपका, विंध्य कन्या महाविद्यालय उरमौरा, डीएवी सीनियर सेकेंड्री पब्लिक स्कूल राबर्ट्सगंज, जय मां भगवती डिग्री कॉलेज पुसौली, प्रकाश जीनियस इंटर कॉलेज पुसौली, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज चुर्क, जय ज्योति इंटर कॉलेज चुर्क में टीईटी की परीक्षा हुई। प्रथम पाली की परीक्षा 12 केंद्रों और दूसरी पाली की सात केंद्रों पर हुई। सुबह साढ़े आठ बजे से परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थी पहुंचने लगे थे। केंद्रों के प्रवेश द्वार पर तैनात परीक्षक परीक्षार्थियों की तलाशी लेने के बाद ही उन्हें अंदर जाने दिया। प्राथमिक स्तर के परीक्षा के लिए 6724 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें 5933 परीक्षा में शामिल हुए और 791 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं दूसरी पाली की परीक्षा ढाई बजे से पांच बजे तक सात केंद्रों पर हुई। उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 4038 परीक्षार्थी पंजीकृत थे जिसमें 3468 परीक्षा में शामिल हुए और किन्हीं कारणवश 570 परीक्षार्थियों परीक्षा को छोड़ दी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी की नजर में परीक्षा हुई। परीक्षा शुरू होने से पूर्व कलेक्ट्रेट के ट्रेजरी से फोर्स के साथ केंद्र व्यवस्थापक प्रश्न पत्र लेकर केंद्रों पर पहुंचे। वीडियो कैमरे की नजर में पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में प्रश्न पत्रों का बंडल खोलकर परीक्षार्थियों को दिया गया। दोनों पालियों की परीक्षा सकुशल संपन्न होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
जाम की झाम से जूझना पड़ा
टीईटी के लिए राबर्ट्सगंज और आसपास के इलाकों में स्थित स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों के असपास के मार्गों पर कुछ देर के लिए जाम की नौबत उत्पन्न हो गई थी। सबसे अधिक राबर्ट्सगंज के सिविल लाइंस रोड पर लोगों को जाम की झाम से जूझना पड़ा। हालांकि सदर एसडीएम राजेश कुमार सिंह, सिटी सीओ राजकुमार तिवारी और कोतवाल मिथिलेश मिश्रा भ्रमण कर जायजा लेते रहे।
विज्ञापन

दुकानों को कराया बंद, दी चेतावनी
टीईटी परीक्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी टीके शिबू ने परीक्षा केंद्रों के दो सौ मीटर की परिधि के साइबर कैफे, फोटो स्टेट, पेयजल आदि की दुकानों को बंद रखने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद रविवार की सुबह राबट्र्सगंज में केंद्रों के आसपास कुछ दुकानें खुल गई। इसकी जानकारी होते ही कोतवाल सत्य नारायण मिश्रा और चौकी प्रभारी संजय सिंह ने परीक्षा शुरू होने से पूर्व ही दुकानों को बंद करा दिया। कोतवाल ने दुकान न खुलने की चेतावनी दी।

राबर्ट्सगंज आदर्श इंटर कालेज में टीईटी परीक्षा के पूर्व गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग करते शिक्षक।- फोटो : SONBHADRA

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें