सोनभद्र। भाजपा किसान मोर्चा की जिला कार्यसमिति की बैठक शनिवार को दोपहर में राबर्ट्सगंज सिविल लाइंस रोड स्थित एक होटल परिसर में हुई। इसमें आगामी कार्यक्रमों और योजनाओं पर चर्चा की गई। केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, महामंत्री गोविंद यादव व मंत्री रमाशंकर ने दीन दयाल उपाध्याय व श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरूआत की। यहां क्षेत्रीय अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने कहा की पूरे देश में मोदी की सरकार किसानों के हित में ढेर सारी योजनाओं का संचालन कर रही है। एक-एक योजना अपने-अपने स्थान पर इतना महत्व रखती है कि एक योजना का लाभ लाभार्थी उस योजना से अपने जीवन स्तर में काफी परिवर्तन कर सकता है। क्षेत्रीय महामंत्री गोविंद यादव ने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं। भाजपा ने किसानों के हित में तमाम योजनाएं चलाई हैं। 2019 में किसानों के बल पर एक बार फिर देश में भाजपा की सरकार बनेगी। जिलाध्यक्ष यादवेंद्र दत्त द्विवेदी ने कहा कि भाजपा की योगी और मोदी सरकार ने किसानों के लिए जो किया है, वह किसी ने नहीं किया। अन्य सरकारें सिर्फ किसानों का शोषण करती रहीं। किसान मोर्चा के कार्यकर्ता जिले से पांच हजार से अधिक आभार पत्र भरकर के प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को भेजेंगे। बैठक में मोतीलाल, राकेश मिश्रा, गोपाल सिंह वैद्य, तेजवंत पांडे, चंद्र प्रकाश दुबे, बबलू चौबे, बुद्ध नारायण धांगर, मुन्ना दुबे, संतोष दुबे, गौरी शंकर कुशवाहा, बालेंद्र पटेल, दिनेश पटेल, सत्येंद्र देव पांडे, निर्भय शंकर, मीरा ओझा, सच्चिदानंद पांडे आदि रहे।