दुद्धी। ब्लॉक के धनौरा गांव में पिछले दिनों आंधी पानी में टूट कर गिरे 11 हजार वोल्ट के तार और खंभे की अब तक मरम्मत नहीं हो सकी है। विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों ने सूचना के बावजूद मरम्मत की ओर ध्यान नहीं दिया। इससे कभी भी हादसा होने की आशंका बनी हुई है। अब तक मरम्मत न होने से क्षुब्ध ग्रामीणों ने मंगलवार को गांव में विरोध प्रदर्शन किया।
धनौरा के पूर्व प्रधान विक्रम सिंह ने बताया कि 20 से 25 दिन पहले आयी आंधी में प्राचीन तालाब से धनौरा हरिजन मोहाल तक का 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार टूट कर खेतों में गिर गया था। जगह-जगह खंभे भी क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि दूसरी तरफ से जोड़ कर विद्युत आपूर्ति तो बहाल कर दी गई लेकिन क्षतिग्रस्त खंभों और टूटकर गिरे तारों की अब तक मरम्मत नहीं कराई जा सकी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हुलास ने कहा कि यह विभाग का गैर जिम्मेदाराना रवैया है। यदि विभाग के अधिकारी जल्द संज्ञान नहीं लेते हैं तो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान राजदेव, विक्रम सिंह, श्याम बिहारी, जयनारायण जौहरी, कामेश्वर, धर्मराज सिंह, दयाशंकर गुप्ता, श्रवण साव, आलोक भारती मौजूद रहेल। जेई हरीश ने कहा कि अमवार फीडर से विद्युत आपूर्ति की जा रही है। बहुत जल्द गिरे हुए तार को हटवा लिया जाएगा।