सोनभद्र। जनपद के प्रवासी श्रमिकों एवं बेरोजगार अभ्यर्थियों को रोजगार देने के लिए बृहस्पतिवार को जिला सेवायोजन कार्यालय लोढ़ी परिसर में रोजगार मेला का आयोजन किया गया। मेल में निजी क्षेत्र की कंपनियां प्रतिभाग की। साक्षात्कार के आधार पर विभिन्न पदों पर कुल 27 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
जिला सेवायोजन अधिकारी प्रमोद तिवारी के नेतृत्व में आयोजित होने वाले रोजगार मेला में निजी क्षेत्र की 13 कंपनियों को शामिल होना था, मगर बृहस्पतिवार छह कंपनियों ने ही प्रतिभाग किया। शेष सात कंपनी के प्रतिनिधि नहीं आए। रोजगार मेले की सूचना पर दूर दराज से 100 से अधिक अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। अन्य कंपनियों के नहीं आने से मेले में आये युवाओं को निराश होना पड़ा। मेले में आये युवाओं का कहना है कि रोजगार मेले में 13 निजी कंपनी के आने की सूचना मिली थी। मगर आधे से भी कम कंपनी शामिल हुए। ऐसा हर रोजगार मेला में होता है। इस पर युवाओं ने कड़ी आपत्ति जताई है।