घोरावल (सोनभद्र)। तहसील क्षेत्र के बंधा गांव में मंगलवार को विधायक अनिल मौर्या ने 110 करोड़ की लागत से रैया बंधी और राजपुर गांव में रैपुरा बंधी का शिलान्यास किया। इन दोनों परियोजनाओं के पूर्ण हो जाने पर क्षेत्र के कई गांवों को सिंचाई और पेयजल का लाभ मिलेगा।
विधायक डॉक्टर अनिल कुमार मौर्या ने कहा कि कृषि और किसान बाहुल्य इलाका होने के कारण घोरावल क्षेत्र के लिए यह रैया बंधी और रैपुरा बंधी योजनाएं बेहद महत्वपूर्ण हैं। विशिष्ट अतिथि के रूप में किसान नेता लालजी तिवारी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के मंडल अध्यक्ष कैलाश बैसवार जबकि संचालन रामानंद पांडेय ने किया। वहीं रैपुरा बंधी शिलान्यास कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के जिला मंत्री सुरेश शुक्ला ने किया।
बता दें कि रैया बंधी के लिए 45. 48 करोड़ रुपये जबकि रैपुरा बंधी के लिए 64. 29 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित है। इसमें मुआवजा राशि भी शामिल है। प्रथम किश्त के रूप में दोनों योजनाओं के लिए ढाई-ढाई करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है। इन योजनाओं को पूर्ण करने की अवधि तीन वर्ष है। रैया बंधी से बरौली बंधा, डोमर्खी, गुरेठ, सोतिल पाती सहित दर्जन भर गांव लाभान्वित होंगे। वहीं रैपुरा बंधी से विसुंधरी, दुरावल खुर्द ढुठेर, बराक, बनौरा आदि गांव लाभान्वित होंगे। इस दौरान पूर्व विधायक तीरथराज, अमरनाथ पटेल, सुरेंद्र मौर्या छोटू पटेल, सफेदलाल बैसवार, सुनील चौबे, लक्ष्मी झा, कैलाश बैसवार, शंभू विश्वकर्मा, सूर्यमणि त्रिपाठी, आनंद पटेल, रविंद्र पटेल, सिद्धनाथ दूबे आदि मौजूद रहे।