राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्र नेताओं द्वारा एम. काम संस्थागत कराए जाने की मांग को लेकर दूसरे दिन भी क्रमिक अनशन महाविद्यालय गेट पर जारी रहा। अनशन के दूसरे दिन परमेंद्र यादव, दीपक केशरी, रितेश जायसवाल व राहुल दूबे को अनशन पर माल्यार्पण कर बैठाया गया।
छात्रसंघ महामंत्री अनिकेत श्रीवास्तव ने कहा कि वाणिज्य की उच्च शिक्षा को लेकर कॉलेज और विश्वविद्यालय प्रशासन गंभीर नहीं है। प्रदेश में पूरा जिला अत्यधिक कल कारखानों के संचालन के लिए जाना जाता है, लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि क्षेत्र में संचालित एकमात्र राजकीय कॉलेज में उच्च शिक्षा के आयाम को लेकर वाणिज्य परास्नातक की संस्थागत शिक्षा कई वर्षों से अधर में है। ऐसे में आंदोलन ही एक रास्त बचा है। चेताया कि मांगे नहीं मानी जाती तो अनिश्चितकालीन अनशन किया जाएगा। छात्र नेता शुभम पटेल ने कहा कि विश्वविद्यालय के कुलपति के झूठे आश्वासन को लेकर छात्रों में खासी नाराजगी है। मांगे पूरी होने तक छात्र संघर्षरत रहेंगे। इस दौरान अभिषेक सेठ, अखिलेश यादव, मनमोहन, सचिन मौर्या, अमित गुप्ता, अनन्त पाठक, दीपक, सौरभ सिन्हा मौजूद रहे।