सोनभद्र। जिले में हर्षोल्लास के साथ नए वर्ष का स्वागत हुआ। रात बारह बजते ही डीजे की धुन पर युवक थिरकते नजर आए। नव वर्ष की पूर्व संध्या और 2019 के आगमन की खुशी में लोगों ने जमकर आतिशबाजी की। कलेक्ट्रेट में मुंबई की गजल गायिका मंजरी ने कई तरह के गजल प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी। वहीं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। राबर्ट्सगंज समेत अन्य जगहों पर डीजे की धुन पर युवक थिरक रहे थे।
नव वर्ष के आगमन की खुशी में सोमवार को कलेक्ट्रेट में जिला प्रशासन की ओर से गजल संध्या कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। मुंबई से आई गायिका मंजरी ने एक से एक गजल सुनाकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। संत कीनाराम महाविद्यालय और राजकीय इंजीनियर कालेज के छात्र-छात्राओं ने देश भक्ति की गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भोजपुरी फिल्मों के कलाकार बबलू करंट ने भी एक से बढ़ कर एक गीत सुनाकर खूब वाहवाही लूटी। इस दौरान डीएम अमित कुमार सिंह, एसपी किरीट राठोड, सीडीओ महेंद्र पांडेय, एडीएम उमाकांत त्रिपाठी, एसडीएम शादाब असलम, डीएसओ राकेश तिवारी, जिला कृषि अधिकारी पीयूष राय, बीएसए डॉ. गोरख पटेल, डूडा के निदेशक वीके निगम समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। देर रात तक कार्यक्रम देखने के लिए लोगों को भीड़ लगी रही। वहीं राबर्ट्सगंज में कई जगहों पर डीजे लगाकर युवक नृत्य करते रहे।