बीजपुर। नधिरा सब स्टेशन से संचालित होने वाले चार फीडरों से जुड़े सौ से अधिक गांवों में सात दिनों से बिजली गुल है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बरसात के दिनों में रात में गांवों में अंधेरा फैला हुआ है।
नधिरा सब स्टेशन से बखरिहवां, एनटीपीसी राय कालोनी, बभनी, महुअरियां फीडर की बिजली आपूर्ति की जाती है। इन फीडरों पर सात दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप है। बिजली न होने से लोग मोबाइल भी चार्ज नहीं कर पा रहे और परेशान है। जिससे वह किसी से संपर्क भी नहीं कर पा रहे हैं। बिजली न होने से उपभोक्ता मिट्टी तेल से ढिबरी जला कर जैसे-तैसे कार्य कर रहे है। पीसीएल से जुड़े कर्मियों का कहना है कि रेणुकूट स्थित कनोरिया प्लांट के पीछे जंगल, बखरिहवां, राजो, जरहां, पिंडारी, धरतीडाड़, डोंगिया नाला सहित दर्जनों जगह तार टूट गए है। बरसात लगातार होने से मरम्मत का कार्य नहीं हो रहा है। एनटीपीसी राय कालोनी फीडर से सिरसोती, बीजपुर, डोड़हर गांव के सोलह टोलों, बखरिहवां फीडर से नेमना, जरहां, महुली, पिंडारी, इंजानी, रजमिलान, सिंदूर, लीलाडेवा सहित 30 गांव की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बंद है।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता लक्ष्मी शंकर ने कहा कि लगातार हो रही बारिश से मरम्मत का कार्य संभव नहीं हो रहा है। अवर अभियंता के साथ लाइनमैन लगातार पेट्रोलिंग कर टूटे तार को ठीक करने के प्रयास में जुटे हुए है।
विद्युत सब स्टेशन में पानी घुसने से 120 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप
खलियारी/रामगढ़। बारिश के चलते नक्सल प्रभावित नगवां एवं चतरा ब्लॉक के करीब 120 गांवों में पिछले 56 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है। पन्नूगंज और दूबेपुर विद्युत सब स्टेशन में पानी घुसने से आपूर्ति बंद होने की बात कहीं जा रही है। उपभोक्ताओं ने बिजली कर्मियों की लापरवाही से आपूर्ति ठप होने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने कहा कि अविलंब आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो विभाग के खिलाफ सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होंगे।
पिछले कई दिनों से हो रही बारिश से विद्युत व्यवस्था भी लड़खड़ाने लगी है। बुधवार की सुबह करीब दस बजे अचानक पन्नूगंज और दूबेपुर विद्युत सब स्टेशन से जुड़े वैनी, नगाव, खलियारी, रायपुर, आमडीह, गोटीबांध, सरईबगाढ, तेदुआ, पनिपकप खुर्द, कम्हरिया, पटवध, आमडीह, रामपुर, कोहरवल, सूरअरसोत, पटवध, पडनी, कजियारी, बाकी, धोबी, पियरिया, मांची, नौडिहा, दरेव, व्यवहार, नाको, रामगढ़, पन्नूगंज, केवटी, नरोत्तमपुर, कोरियाव, बरइल, खड़ूई, बंजरिया, चतरा, बगही समेत 120 गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। देर रात तक आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो उपभोक्ताओं ने क्षेत्र के बिजली कर्मियों से संपर्क करना शुरू किया तो पता चला कि सब स्टेशन परिसर में पानी जमा होने से बिजली आपूर्ति ठप है। कहा जाता है कि बारिश कम होने पर चालू कर दिया जाएगा, लेकिन शुक्रवार की शाम पांच बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं हुई। उपभोक्ता शिव प्रसाद सिंह, राजेश, राहुल, रवि प्रकाश पांडेय, भानू भाष्कर, मनोज, मिथिलेश चौबे, रमाशंकर ने शीष्र आपूर्ति शुरू न होने पर चक्काजाम करने की चेतावनी दी है। इस संबंध में बिजली विभाग अधिशासी अभियंता एके सिंह ने मेन लाइन में खराबी होने के चलते आपूर्ति बाधित है। गुरुवार की रात फाल्ट सही कर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया गया था, लेकिन बार-बार ट्रिपिंग होने से आपूर्ति ठप करनी पड़ी। बिजली कर्मी लाइन को ठीक करने में जुटे है। लेकिन बारिश के चलते खंभों पर चढ़कर मरम्मत कार्य करने में दिक्कतें आ रही है।
24 घंटे से बिजली बेपटरी
दुद्धी। पिछले गुरुवार की सुबह से दुद्धी नगर में बिजली आपूर्ति बाधित है। बिजली का आवाजाही चालू रहता है। शुक्रवार को आपूर्ति ठप होने से पानी की दिक्कतें भी आई। भाजपा नेता दिनेश अग्रहरि, सुरेंद्र अग्रहरि, छोटेलाल, दिनेश चंद्र, कुतुबुद्दीन समेत अन्य रहवासियों ने विद्युत आपूर्ति शीघ्र बहाल न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। उधर, अवर अभियंता आर हरेश ने बताया कि 33 हजार पावर की लाइन में फाल्ट आने से बिजली आपूर्ति बाधित है। फाल्ट को दूर कर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
पेड़ गिरने से औड़ी की विद्युत आपूर्ति बाधित
अनपरा। वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग स्थित औड़ी मोड़ के समीप शुक्रवार की प्रात: एक विशालकाय पेड़ विद्युत तार पर गिर जाने के कारण औड़ी मोड़ की जहां विद्युत आपूर्ति बाधित हो गयी, वहीं मुख्य मार्ग जाम हो गया। काफी मशक्कत के बाद पेड़ को मुख्य मार्ग से हटाकर आवागमन शुरू कराया गया।
तीन दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण औड़ी मोड़ के समीप एक युकेलिप्टस का विशालकाय पेड़ शुक्रवार की सुबह औड़ी मोड़ से गुजर रहे 33 केवी व 11 केवी के एचटी व एलटी लाइन पर गिर पड़ा। जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गयी। लबे सड़क पेड़ गिरने से आवागमन भी बाधित हो गया। पेड़ गिरने की सूचना पर पहुंची पुलिस व स्थानीय लोगों ने हाइड्रा की मदद से पेड़ को किनारे किया, तब जाकर मुख्य मार्ग पर आवागमन बहाल हो सका। पेड़ गिरने के कारण पोल व तार भी क्षतिग्रस्त हो गये थे। जिसके कारण औड़ी मोड़ की बिजली दिन भर बाधित रही। विद्युत व्यवस्था को बहाल करने के लिए बिजली कर्मचारी युद्ध स्तर पर कार्य कर रहे थे। अवर अभियंता विमलेश सिंह ने बताया कि देर सायं तक बिजली व्यवस्था को बहाल कर लिया जाएगा। हालांकि मौसम के कारण कार्य करने में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है लेकिन प्रयास किया जा रहा है कि देर रात्रि तक बिजली व्यवस्था बहाल हो जाए।